बोकारो में 15 महीने से मां-बेटा बंधक , पुलिस ने कराया मुक्त, आरोपी गिरफ्तार
बोकारो : बोकारो शहर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां सेक्टर-6डी स्थित एक क्वार्टर में एक मां और उसके बेटे को करीब 15 महीने तक बंधक बनाकर रखने का आरोप सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सकुशल मुक्त कराया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि रविवार को सेक्टर-6 क्षेत्र से सूचना प्राप्त हुई थी कि सेक्टर-3डी निवासी अशोक सिंह ने सेक्टर-6डी के एक मकान में संतोश सिंह (48) और उनकी मां सीता देवी (70) को पिछले 15 महीनों से बंद कर रखा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला।
पुलिस के अनुसार, जब मां-बेटे को मुक्त कराया गया तो वे बेहद कमजोर हालत में थे और बोलने में भी कठिनाई महसूस कर रहे थे। उन्हें तत्काल बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अशोक सिंह और संतोष सिंह के बीच जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते अशोक सिंह ने दोनों को अपने क्वार्टर में कैद कर रखा था।
पुलिस ने आरोपी अशोक सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। डीएसपी आलोक रंजन ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई है जो पूरे घटनाक्रम की तह तक जाएगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी पिछले कई महीनों से उस घर में अकेला रहता था और किसी को अंदर आने नहीं देता था। पुलिस ने कहा है कि यदि अन्य लोग भी इसमें शामिल पाए जाते हैं तो सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



