ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने कहा, खेल से निखरती है युवा शक्ति, बढ़ता है आत्मविश्वास

रांची: झारखंड की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री श्रीमती दीपिका पांडे सिंह ने बुधवार को गोड्डा जिले के महागामा प्रखंड अंतर्गत मेहरमा स्थित एस.आर.टी. कॉलेज, धमड़ी में आयोजित विश्वविद्यालय स्तरीय अंतरमहाविद्यालय खो-खो प्रतियोगिता 2025 में बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। इस अवसर पर कॉलेज परिसर में उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला।
मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि यह जीवन जीने की एक कला है, जो व्यक्ति में अनुशासन, एकता, आत्मविश्वास और संघर्षशीलता का विकास करती है। उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम से युवा अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाकर समाज और राज्य के विकास में योगदान दे सकते हैं।
मंत्री ने प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों, आयोजकों और कॉलेज प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा, “राज्य सरकार का उद्देश्य है कि झारखंड के युवा न केवल शिक्षा में, बल्कि खेल के क्षेत्र में भी उत्कृष्टता हासिल करें और देश-दुनिया में राज्य का नाम रौशन करें।”
दीपिका पांडे सिंह ने बताया कि राज्य सरकार ग्रामीण अंचलों में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए कई योजनाओं पर काम कर रही है। गांव-गांव में खेल मैदान, प्रशिक्षण केंद्र और संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि हर युवा को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण से ही सफलता हासिल की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *