मध्यप्रदेश का चालान, पलामू से खनिज लोडिंग, पुलिस ने खोला अवैध सिंडिकेट का राज, एक गिरफ्तार
रांची : अवैध खनन और खनिज परिवहन पर कड़ी कार्रवाई करते हुए चैनपुर पुलिस ने एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ से चालान निर्गत करवा कर पलामू और गढ़वा जिले के क्रशरों से खनिज लोड कराता था। इस मामले में एक ट्रक जब्त किया गया है और चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
मामला और जांच
यह कार्रवाई चैनपुर थाना कांड संख्या-171/2025 (दिनांक-06.09.2025) के तहत की गई। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर 5 सितंबर को चैनपुर थाना गेट पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान रामगढ़ की ओर से आ रहे ट्रक (संख्या JH16F8579) को रोका गया। जांच में पाया गया कि वाहन पर मध्यप्रदेश से जारी चालान है, जबकि खनिज की लोडिंग पलामू जिले के क्रशरों से की गई थी।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि वाहन मालिक व क्रशर संचालक एक संगठित सिंडिकेट के रूप में कार्य कर रहे थे। आरोपी मध्यप्रदेश/छत्तीसगढ़ के क्रशर संचालकों से मिलीभगत कर चालान बनवाते और पलामू-गढ़वा जिले के रामगढ़, चैनपुर, रंका व रमकंडा क्षेत्र के क्रशरों से खनिज लोड करते थे। चूंकि मध्यप्रदेश में चालान दर कम और अवधि अधिक मिलती है, इसलिए एक ही चालान पर कई बार ट्रिप कर सरकारी राजस्व को करोड़ों की क्षति पहुंचाई जा रही थी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान उपेंद्र कुशवाहा (32 वर्ष), पिता स्व. मंगर मेहता, ग्राम-यमुना नगर, थाना-बागोदर, जिला-गिरिडीह के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि इस अवैध गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है और मामले में गहन जांच की जा रही है।



