महापौर रौशनी खलखो ने किया राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ

रांची: राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रविवार को सदर अस्पताल, रांची से महापौर रोशनी खलखो द्वारा किया गया। इस अवसर पर विधायक सी. पी. सिंह, अभियान निदेशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) शशि प्रकाश झा, सिविल सर्जन रांची डॉ. प्रभात कुमार, राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ. विजय किशोर रजक, उपाधीक्षक सदर अस्पताल डॉ. विमलेश कुमार सिंह, डॉ अमरेंद्र, WHO, DRCHO डॉ. असीम कुमार मांझी, ACMO डॉ. अमरेंद्र कुमार, DTO डॉ एस बास्की समेत अन्य पदाधिकारी, चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ सभी अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात महापौर श्रीमती रोशनी खलखो, विधायक श्री सी. पी. सिंह तथा अभियान निदेशक श्री शशि प्रकाश झा ने बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की।
सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार* ने सभी गणमान्य अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि पिछले 14 वर्षों से भारत में पोलियो का एक भी मामला सामने नहीं आया है, जिसका श्रेय स्वास्थ्यकर्मियों की निरंतर मेहनत एवं जनसहभागिता को जाता है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान एवं अफगानिस्तान जैसे पड़ोसी देशों में अभी भी पोलियो के मामले मिल रहे हैं, इसलिए समय पर टीकाकरण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि 0 से 5 वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
मुख्य अतिथि महापौर रांची श्रीमती रोशनी खलखो ने कहा कि भारत आज पोलियो मुक्त है, लेकिन इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए नियमित टीकाकरण जरूरी है। उन्होंने सभी स्वास्थ्यकर्मियों एवं चिकित्सकों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनके अथक प्रयासों से ही देश पोलियो मुक्त बन सका है। उन्होंने बताया कि आज सदर अस्पताल के साथ-साथ गांवों के स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में भी बच्चों को पोलियो की खुराक दी जा रही है, ताकि कोई भी बच्चा छूट न जाए। उन्होंने सदर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि यहां अब बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिसका लाभ आमजन को मिल रहा है।

माननीय विधायक श्री सी. पी. सिंह ने कहा कि देश को पोलियो मुक्त बनाने में स्वास्थ्यकर्मियों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने सदर अस्पताल की बदलती स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि आज यहां सभी वर्गों के लोगों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो रही है। उन्होंने कहा कि अस्पताल को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए, ताकि लोगों को बेहतर इलाज के लिए अन्य संस्थानों पर निर्भर न रहना पड़े।
अभियान निदेशक,राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन,श्री शशि प्रकाश झा ने बताया कि वर्ष 1995 से देशभर में पल्स पोलियो अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। इस वर्ष झारखंड में लगभग 61 लाख से अधिक बच्चों को 24,507 बूथों पर पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 28 जून को बूथ दिवस के रूप में मनाया जा रहा है, जबकि 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगे। इसके अलावा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजार एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी विशेष टीमें तैनात की गई हैं। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को अवश्य पोलियो की खुराक पिलाएं।

राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ. विजय किशोर रजक ने कहा कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान पूरे देश में चलाया जा रहा है तथा अभियान का पहला दिन बूथ दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि पड़ोसी देशों में अभी भी पोलियो के मामले मिलने के कारण सतर्कता और नियमित टीकाकरण आज भी आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री प्रवीण कुमार सिंह ने सभी अतिथियों, स्वास्थ्यकर्मियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं उपस्थित जनों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *