शहर में साफ सफाई और छठ घाटों की सफाई संबंधित कार्यों पर मेयर ने की समीक्षा बैठक

राची : रांची नगर निगम की मेयर डॉ. आशा लकड़ा ने मलेरिया और डेंगू के रोकथाम, दीपावली से पूर्व शहर की साफ-सफाई और छठ महापर्व को लेकर छठ घाटों की सफाई से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने बताया कि मलेरिया और डेंगू के रोकथाम को लेकर नगर निगम व स्वास्थ्य विभाग की टीम डोर-टू-डोर विजिट कर रही है। सभी वार्डों में कोल्ड फोगिंग और लरवासाईट व टेमीफास केमिकल का छिड़काव किया जा रहा है, ताकि मच्छरों के लार्वा को नष्ट किया जा सके। फिलहाल रांची नगर निगम के पास कुल 27 मशीन हैं। कोल्ड फोगिंग मशीन के अलावा टाटा एस वाहन पर सिंटेक्स की टंकी से मशीन को फिट कर सभी वार्डों में रोस्टर के आधार पर मच्छरों के लार्वा को नष्ट करने के लिए केमिकल का छिड़काव किया जा रहा है। इसके अलावा प्रत्येक वार्ड में 4-4 हैंड स्प्रे मशीन भी उपलब्ध कराए गए हैं। रांची नगर निगम व स्वास्थ्य विभाग की टीम डोर-टू-डोर विजिट कर जलजमाव की जांच कर रही है।
मेयर ने कहा कि दीपावली से पूर्व शहर की साफ-सफाई को लेकर युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। रात में भी सफाई कार्य कराए जा रहे हैं। झिरी स्थित डंपिंग यार्ड तक कचरा ढोने के लिए हाइवा की व्यवस्था की गई है। नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि सफाई कर्मियों से प्रतिदिन 8 घंटे कार्य कराएं।  उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि किसी भी सूरत में दीपावली से पूर्व 53 वार्डों में साफ-सफाई से संबंधित कार्यों को पूरा कराएं। उन्होंने कहा कि बुधवार को कांके डैम से छठ घाटों की सफाई व्यवस्था के निरीक्षण की शुरुआत की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि रांची नगर निगम की ओर से गीला व सुख कचरा को अलग-अलग करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इस दिशा में आम लोगों को गीला व सूखा कचरा को अलग-अलग करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। घर-घर पम्पलेट बांटे जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *