मां काली और बजरंगबली की प्रतिमा प्रतिष्ठित
खूंटी: नेताजी सुभाष चन्द्र बोस चौक के समीप अति प्राचीनतम देवी मंडप में भव्य और सुंदर माता काली और बजरंगबली की प्रतिमा का प्राण प्रतिष्ठा कर स्थापित किया गया। तीन दिनों तक चले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में प्रथम दिन विधिवत कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु माता काली और बजरंगबली बजरंगबली के जयकारे के साथ महादेव मंडा से नगर भ्रमण करते हुए देवी मंडप पहुंचे, जहां विधि-विधान से कलश स्थापन किया गया, साथ ही पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ प्राण प्रतिष्ठा कार्य प्रारंभ हुआ । दूसरे दिन भी काफी श्रद्धालुओं की उपस्थिति में विधिवत प्राण प्रतिष्ठा पूजन किया गया, तत्पश्चात तीसरे दिन बुधवार को पूरे साज सज्जा श्रृंगार के पश्चात श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ मंदिर का पट खोला गया।पट खुलते ही भारी संख्या में श्रद्धालु जयकारे के साथ दर्शन-पूजन के लिए उमड़ पड़े। पूरी तरह से भक्तिमय माहौल में सामुहिक आरती की गई। सभी के चेहरे खिल उठे। माता काली और बजरंगबली को प्रणाम कर सबने पुजारी जनों से आशीर्वाद लिया। अद्भुत अलौकिक आनन्द को देखकर आयोजक भी फूले नहीं समा रहे थे। कार्यक्रम में जिले लोगो ने अपने अपने स्तर से सहयोग किया । इस विशाल भक्तिमय सफल आयोजन में खूंटी के रंजीत प्रसाद, नकुल भगत,दामु प्रसाद, सुनील साहू, बजरंग साहू की अहम भूमिका रही, मुरहू के भक्त डॉ धर्मेंद्र नाथ तिवारी, राधेश्याम भगत, किशोर ठाकुर , विष्णु चौधरी, रामहरि साव, सुबोध कुमार सहित तोरपा , तमाड़, बंदगांव के श्रद्धालुओं ने भी माता काली और बजरंगबली का आशीर्वाद प्राप्त किया।भारी मात्रा में प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया था। सभी ने हर्ष और उल्लासपुर्वक प्रसाद ग्रहण किया। इस आयोजन से खूंटी में भक्ति की एक नई बहार बह रही है। सभी के हृदय में सकारात्मक भाव जागृत हो गया है। सबने सर्व कल्याण की कामना करते हुए आयोजकों को तहेदिल से सराहा।


