भजन संध्या का सांसद काली चरण मुंडा ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ
खूंटी : सार्वजनिक दुर्गा पूजा मंदिर , नेताजी चौक, खूंटी में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर मां काली एवं भगवान बजरंगबली की प्रतिमाओं की विधि-विधानपूर्वक प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति से भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।
महोत्सव के अंतर्गत आयोजित भजन संध्या का शुभारंभ खूंटी के सांसद काली चरण मुंडा ने दीप प्रज्वलित कर किया। भजन संध्या में प्रस्तुत भक्ति गीतों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे और पूरे परिसर में भक्ति एवं उत्साह का अद्भुत वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सांसद काली चरण मुंडा ने मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना कर मां काली एवं भगवान बजरंगबली से जिले में शांति, अमन, समृद्धि तथा सर्वांगीण विकास की कामना की। उन्होंने क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि एवं आपसी भाईचारे के लिए भी देवी-देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त किया।
प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भक्तों ने पूरे उत्साह, श्रद्धा एवं भक्ति-भाव के साथ धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया तथा पूजा-अर्चना कर आध्यात्मिक वातावरण का आनंद लिया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा, रामानंद तिवारी, गणपत भगत, किशोर साहू, ऋतुराज झा, विजय कुमार स्वांसी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


