वोटर अधिकार यात्रा समापन कार्यक्रम में शामिल होने झारखंड से कांग्रेस के कई मंत्री और विधायक पटना रवाना
रांची : पटना गांधी मैदान में राहुल गांधी की अगुवाई में आयोजित वोटर अधिकार यात्रा समापन कार्यक्रम में शिरकत करने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन,उनके सहयोगी मंत्री सहित इंडी गठबंधन के कई नेता सोमवार को रांची से पटना के लिए रवाना हो गए। इसके साथ ही झारखंड कांग्रेस से सकड़ों कार्यकर्ता भी पटना के लिए रविवार को ही रवाना हो गए थे।
वहीं झारखंड प्रदेश कांग्रेस विधायक दल के उप नेता सह खिजरी विधानसभा क्षेत्र से विधायक राजेश कच्छप ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में वोटर अधिकार यात्रा बिहार में सफल रहा, आज इस यात्रा का समापन कार्यक्रम पटना के गांधी मैदान में होने वाला है। इसमें लाखों की संख्या में लोगों के पहुँचने की संभावना है। पूरे बिहार के अलग अलग जिले से इस यात्रा में लोग पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में चुनाव आयोग और केंद्र की भाजपा सरकार की मिलीभगत से लाखों वोटरों का नाम वोटर लिस्ट से काट दिया गया है। इनलोगों ने वोट चोरी किया है। वोट चोरी के खिलाफ हमारे नेता राहुल गांधी ने जनता के बीच आवाज उठाने का काम किया और वोटर अधिकार यात्रा का आयोजन किया। इस यात्रा में बिहार की जनता का भरपूर साथ मिला है। खासकर युवाओं ने बढ़ चढ़ कर साथ दिया है। वोटर अधिकार यात्रा की सफलता से भाजपा घबरा गई है। इसलिए राहुल गांधी पर झूठे आरोप लगा रही है। बिहार में इसबार सत्ता परिवर्तन होगा और इंडी गठबंधन की सरकार बनना तय है।



