वोटर अधिकार यात्रा में पीएम मोदी और उनकी माता पर अपमानजनक शब्दों का प्रयोग के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा का विरोध प्रदर्शन आज, कांग्रेस कार्यालय का करेगी घेराव

रांची : बिहार में चल रही वोटर अधिकार यात्रा के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली देने और उनकी माता के प्रति अपशब्द कहने का आरोप लगने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस बयान को लेकर प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा ने मोर्चा खोल दिया है। इसी कड़ी में सोमवार को महिला मोर्चा की कार्यकर्ता बड़ी संख्या में राजधानी रांची स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय का घेराव करेंगी और जोरदार प्रदर्शन करेंगी।

प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की मीडिया प्रभारी कुमुद झा ने बताया कि कांग्रेस द्वारा प्रधानमंत्री मोदी के स्वर्गीय माता को राहुल गांधी के मंच से अभद्र गाली का प्रयोग किया गया। इस घृणित कुकृत्य के विरोध में हमलोग सभी भाजपा महिला मोर्चा के कार्यकर्ता कॉंग्रेस ऑफिस का घेराव करेंगे। सुबह 11 बजे  महिला मोर्चा जयपाल सिंह स्टेडियम में  पहुँचेगी 12 बजे से पैदल कूच करेगी, 12.30 तक कॉंग्रेस ऑफिस की घेराव किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का यह व्यवहार न केवल अपमानजनक है बल्कि भारतीय राजनीति की गरिमा और संस्कार के खिलाफ भी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश के सर्वोच्च पद पर आसीन हैं, ऐसे में उनके प्रति या उनकी माता के प्रति अपशब्द कहना पूरे देश का अपमान है। यह कांग्रेस पार्टी की मानसिकता को दर्शाता है, जो बिना गाली-गलौज किए अपनी बात रखने में असमर्थ दिखती है।

कुमुद झा ने चेतावनी दी कि जब तक राहुल गांधी प्रधानमंत्री और देश की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, भाजपा महिला मोर्चा का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सड़क से लेकर सदन तक कांग्रेस के इस असंस्कारी रवैये का विरोध करेंगे।

सूत्रों के अनुसार, भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता आज सुबह से ही शहर के विभिन्न हिस्सों से कांग्रेस कार्यालय की ओर कूच करेंगी। प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी और राहुल गांधी का पुतला दहन भी किया जाएगा। भाजपा नेताओं का कहना है कि कांग्रेस लगातार प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल कर रही है, लेकिन इस बार मामला केवल राजनीतिक मतभेद का नहीं बल्कि व्यक्तिगत मर्यादा और देश की संस्कृति पर चोट का है।

भाजपा का यह आंदोलन आने वाले समय में और तेज हो सकता है, यदि राहुल गांधी अपनी टिप्पणी पर माफी नहीं मांगते।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *