बांग्लादेशी घुसपैठियों को लेकर भाजपा का हमला, राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा पर उठाए सवाल

पटना : राजधानी पटना के गांधी मैदान में सोमवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की अगुवाई में वोटर अधिकार यात्रा का समापन कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। इस मौके पर इंडी गठबंधन के तमाम बड़े नेता मंच साझा करेंगे और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए जनता को साधने की कोशिश करेंगे।

हालांकि, इस यात्रा को लेकर भाजपा ने राहुल गांधी और इंडी गठबंधन पर कड़ा हमला बोला है। भाजपा नेता आनंदी यादव ने कहा कि यह यात्रा पूरी तरह से बेबुनियाद है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी इस यात्रा के बहाने वोटर लिस्ट में बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम जोड़वाने की साजिश कर रहे हैं।

यादव ने कहा कि चुनाव आयोग ने वोटर लिस्ट से सिर्फ उन्हीं नामों को हटाया है जिनका दो-दो जगह नाम था, या जो दूसरी जगह शिफ्ट कर गए, अथवा जिनकी मृत्यु हो चुकी है। साथ ही जिन बाहरी बांग्लादेशियों के नाम गलत तरीके से जुड़ गए थे, उन्हें हटाना ही उचित कदम है। इसमें कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को परेशानी क्यों हो रही है?

भाजपा नेता ने कांग्रेस और राजद पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा,
जिस तरह लोकसभा चुनाव से पहले विपक्ष ने संविधान खतरे में होने का झूठा प्रचार किया था, उसी तरह अब बिहार चुनाव से पहले मतदाताओं को भ्रमित करने के लिए वोटर अधिकार यात्रा निकाली गई है।”

उन्होंने यह भी कहा कि इस यात्रा में भाड़े की भीड़ जुटाई गई और सोशल मीडिया पर इसे बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया, ताकि जनता के बीच यह संदेश जाए कि राहुल गांधी की यात्रा को व्यापक समर्थन मिल रहा है।

यादव ने दावा किया कि बिहार की जनता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए की सरकार से खुश है तथा फिर से जंगलराज को लौटते देखना नहीं चाहती।
राहुल गांधी की यह यात्रा फ्लॉप रही है और इसका फायदा भी अंततः एनडीए को ही मिलेगा।” – भाजपा नेता ने कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *