30 साल बाद कांवर यात्रा पर निकले मनोज तिवारी
@ उत्तरवाहिनी गंगा में डुबकी लगाई, बोले – महादेव की कृपा से ही राजनीति में हूं।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। सावन के पवित्र महीने में आस्था का सैलाब हर भेद मिटा देता है। न अमीरी-गरीबी का फर्क रह जाता है, न जात-पात का। यही झलक देखने को मिली जब बुधवार को भाजपा सांसद और गायक मनोज तिवारी कांवर लेकर बाबा धाम की यात्रा पर निकले।
तिवारी ने सुल्तानगंज की उत्तरवाहिनी गंगा में डुबकी लगाई और अजगैबीनाथ धाम में जलाभिषेक कर पैदल देवघर के लिए रवाना हुए। उन्होंने कहा, “करीब 30 साल बाद बाबा बैद्यनाथ की शरण में कांवर लेकर जा रहा हूं। उस समय लोग मुझे नहीं जानते थे। आज राजनीति में जो कुछ भी हूं, वह महादेव की कृपा से ही हूं। महादेव मेरे कपाल पर सवार हो गए, इसलिए कांवर लेकर निकल पड़ा हूं।”
‘सुल्तानगंज का नाम बदले अजगैबीनाथ धाम’
तिवारी ने कहा कि बाबा बैजनाथ से यही प्रार्थना करूंगा कि सुल्तानगंज का नाम बदलकर ‘अजगैबीनाथ धाम’ रखा जाए। उन्होंने कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर” के बाद अब “ऑपरेशन महादेव” चल रहा है। आतंकवाद के खिलाफ चुन-चुन कर कार्रवाई हो रही है और यह सब महादेव की कृपा से संभव हो रहा है।
‘जो लोग भगवा आतंकवाद कहते थे, यह भीड़ उनका जवाब है’
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग कभी भगवा आतंकवाद की बात करते थे, उन्हें यह अपार श्रद्धालुओं की भीड़ करारा जवाब दे रही है। इस दौरान मनोज तिवारी ने अपने नए भजन की पंक्तियां भी गुनगुनाईं, जिससे माहौल भक्तिमय हो गया।



