जिलाधिकारी ने श्रावणी मेला क्षेत्र का किया निरीक्षण,कांवरियों से ली फीडबैक, व्यवस्थाओं पर जताई संतुष्टि

भागलपुर। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2025 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने गुरुवार को धांधी बेलारी, नमामि गंगे घाट, कृष्णगढ़ समेत मेला क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों के साथ स्थलों का भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।धांधी बेलारी स्थित स्थायी सरकारी धर्मशाला में जिलाधिकारी ने सफाई, पेयजल व शौचालय की व्यवस्था की जानकारी ली और वहां ठहरे कांवरियों से सीधे फीडबैक प्राप्त किया। कांवरियों ने व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।इसके बाद उन्होंने सूचना एवं जन संपर्क विभाग की प्रदर्शनी, पर्यटन विभाग के सूचना केंद्र व अन्य सहायता केंद्रों का निरीक्षण किया। खूब लाल महावीर महाविद्यालय परिसर में स्थित पर्यटन विभाग के जर्मन हैंगर में पहुंचकर जिलाधिकारी ने वहां ठहरे कांवरियों से बातचीत की। कांवरियों ने सुविधाओं पर संतुष्टि जताते हुए प्रशासन को 10 में से 10 अंक दिए।जिलाधिकारी ने मोबाइल चार्जिंग स्टेशन की भी जांच की, जहां 30 थ्री-पिन सॉकेट लगे हैं। वीआईपी रूम का भी निरीक्षण किया गया, जिसमें एयर कंडीशन की सुविधा है। बताया गया कि कई विशिष्ट अतिथि यहां ठहरते हैं। हाल ही में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी ने यहां विश्राम किया था।

जर्मन हैंगर के केयरटेकर ने बताया कि यहां ठहरने वाले सभी कांवरियों का नाम पंजी में दर्ज किया जाता है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि यहां लॉकर की भी व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे कांवरिये अपना कीमती सामान सुरक्षित रख सकें।

नमामि गंगे घाट पर जिलाधिकारी ने गंगा के जलस्तर का निरीक्षण किया और वहां की बैरिकेडिंग, नाव व मोटरबोट से गश्ती कर रही एसडीआरएफ टीम की निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को घाट पर वाइपर से नियमित सफाई कराने और पंडितों की चौकियों की व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चौकियां इस तरह लगनी चाहिए कि श्रद्धालुओं के आवागमन में कोई बाधा न हो। साथ ही, चौकियों के नीचे की सफाई संबंधित पंडा की जिम्मेदारी होगी। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने घाट पर बने शौचालय, पेयजल नियंत्रण कक्ष और सूचना केंद्र का भी अवलोकन किया।

इस अवसर पर नगर परिषद सुल्तानगंज के सभापति श्री राजेश कुमार गुड्डू, मेला दंडाधिकारी श्री मिथिलेश प्रसाद सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) श्री विकास कुमार, संयुक्त निदेशक जन संपर्क श्री नागेंद्र कुमार गुप्ता, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद सुल्तानगंज श्री मृत्युंजय कुमार, स्थानीय प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *