नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल ने सीएम हेमंत सोरेन पर कसा तंज,कहा-लंदन शॉपिंग सेशन के लिए गणतंत्र दिवस भी छोड़ने को तैयार मुख्यमंत्री

रांची: नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर तीखा हमला बोलते हुए उनकी प्राथमिकताओं पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। मरांडी ने कहा कि मुख्यमंत्री एक अंतरराष्ट्रीय बैठक का एंट्री कार्ड मिलने पर फूले नहीं समाते, लेकिन झारखंड की बदहाल स्थिति पर उन्हें कोई शर्म नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की नाकामी और निकम्मेपन की कीमत झारखंड प्रतिदिन चुका रहा है। राज्य को रोज नए ज़ख्म मिल रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री को केवल व्हाइट बैज, महंगे कोट-मफलर और फोटो सेशन की चिंता है। मरांडी ने तंज कसते हुए कहा कि अब तो “लंदन शॉपिंग सेशन” के लिए मुख्यमंत्री की विदेश यात्रा को एक्सटेंड कर गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व से भी दूरी बनाने की तैयारी की जा रही है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
नेता प्रतिपक्ष ने राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जमशेदपुर से अपहृत व्यवसायी का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। सोमा मुंडा के हत्यारे खुलेआम घूम रहे हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य का युवा नौकरी और रोजगार के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है, जबकि बालू, पत्थर और कोयला जैसे खनिजों की खुलेआम लूट मची हुई है।
मरांडी ने कहा कि पहले शराब घोटाला सामने आया और अब घोटाले की जांच में ही घोटाले की बातें सामने आ रही हैं। आदिवासियों की जमीन पर अवैध कब्जा किया जा रहा है, लेकिन सरकार कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे राज्य में अराजकता का माहौल है।
नेता प्रतिपक्ष ने बोकारो की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि सरस्वती पूजा के दिन एक स्कूल परिसर में आगजनी के कारण तीन स्कूल बसें धू-धू कर जलती रहीं, लेकिन सरकार की संवेदनशीलता कहीं नजर नहीं आई। मरांडी ने मुख्यमंत्री से आत्मचिंतन करने की अपील करते हुए कहा कि वे तय करें कि उनकी प्राथमिकता झारखंड की ध्वस्त कानून व्यवस्था की नैतिक जिम्मेदारी लेना है या आत्ममुग्धता में डूबे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *