रांची में देर रात वाहन जांच अभियान, 15 स्थानों पर पुलिस की सघन चेकिंग

रांची : राजधानी रांची में अपराध नियंत्रण, सड़क सुरक्षा और पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रांची पुलिस ने सोमवार देर रात शहर के 15 प्रमुख स्थानों पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। खेलगांव चौक, शहीद चौक, न्यू मार्केट चौराहा, सुजाता चौक, बिरसा चौक और चांदनी चौक सहित विभिन्न स्थानों पर वाहनों की गहन जांच की गई।
ट्रैफिक पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान ड्रंकन ड्राइविंग के खिलाफ भी विशेष कार्रवाई की गई। ब्रेथ एनालाइजर से जांच में कई वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। पुलिस के अनुसार सोमवार को लगभग 20 लोग तथा मंगलवार देर रात तक 11-12 अन्य लोग ड्रंकन ड्राइविंग में पॉजिटिव पाए गए हैं।
एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व में विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। इस दौरान वाहनों की जांच के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी गई। पुलिस की सक्रियता के कारण असामाजिक तत्वों में भय और सतर्कता देखी गई।

सिटी एसपी राकेश सिंह ने कहा कि राजधानी में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने आम नागरिकों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने, शराब पीकर वाहन न चलाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल 112 या नजदीकी थाना को देने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहरवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वाहन जांच अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि जांच के दौरान आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *