चुनाव पर उड़ती नजर: उड़न दस्ते और निगरानी टीमों को मिले खास निर्देश, 24 घंटे में कार्रवाई अनिवार्य!
भागलपुर। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने की दिशा में अब ‘एफएसटी’ यानी फ्लाइंग स्क्वायड टीम और ‘एसएसटी’ यानी स्टैटिक सर्विलांस टीम को नए तेवर में मैदान में उतारा गया है।
अब न केवल चुनावी हलचल पर इनकी पैनी नजर होगी, बल्कि शराब, नकदी और अन्य रिश्वत सामग्री के लेन-देन या असामाजिक तत्वों की हर गतिविधि पर भी त्वरित कार्रवाई की जाएगी। आदेश है साफ – शिकायत मिलते ही टीम दौड़ेगी, मौके पर पहुंचेगी, जब्ती करेगी और सबूतों समेत 24 घंटे के भीतर केस कोर्ट में पेश करेगी।
हर कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग अनिवार्य होगी। टीम प्रभारी को यह सुनिश्चित करना होगा कि कानून का पूरी तरह पालन हो। किसी भी तरह की लापरवाही पर सीधे जवाबदेही तय की जाएगी।
रिश्वत देने-लेने वाले, जिनसे नकदी, शराब या अन्य संदिग्ध सामान मिले, असामाजिक तत्व या हथियारों के साथ पकड़े गए लोग। इन सभी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर संबंधित चुनाव अधिकारियों को सूचना भेजी जाएगी। यदि मामला किसी उम्मीदवार के खर्च से जुड़ा है, तो उसे अलग से छाया प्रेक्षण रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा।
वे यह भी देखेंगे कि हर कार्रवाई कानून के दायरे में हो और कहीं कोई कानून-व्यवस्था की समस्या न उत्पन्न हो। अब चुनावी खेल में कोई गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं! प्रशासन ने साफ कर दिया है कि लोकतंत्र के इस पर्व में पारदर्शिता और शांति सर्वोपरि है। जो भी इसके आड़े आएगा, उस पर कानून की गाज तुरंत गिरेगी और वो भी कैमरे के सामने।



