झामुमो प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य का बीजेपी और कांग्रेस पर आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का आरोप

रांची: नगर निकाय चुनाव प्रचार में नियमों की अनदेखी यानी आदर्श आचार संहिता का खुलेआम उल्लंघन करने का भाजपा और कांग्रेस पर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने लगाया है।
बुधवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेसवर्ता में पार्टी के केंद्रीय महासचिव आह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने भाजपा और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है।
श्री भट्टाचार्य ने कहा कि नगर निकाय चुनाव प्रचार में कुछ राजनीतिक दल के द्वारा नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। उनका आरोप है कि झामुमो को छोड़कर कई दल, खासकर भारतीय जनता पार्टी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, अपने प्रचार में चुनाव चिह्न के साथ बड़े नेताओं की तस्वीरों का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सीधे तौर पर आदर्श आचार संहिता के खिलाफ है। चुनाव के दौरान प्रतीकों और तस्वीरों के इस्तेमाल को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश होते हैं, लेकिन कुछ दल उन्हें नजरअंदाज कर रहे हैं।झामुमो प्रवक्ता ने यह भी दावा किया कि कुछ मेयर प्रत्याशियों के बैनर और पोस्टरों में आपत्तिजनक और सांप्रदायिक टिप्पणियां की गई हैं। उनके मुताबिक, इस तरह की भाषा न सिर्फ चुनावी माहौल को खराब करती है बल्कि शहर की सामाजिक एकता को भी प्रभावित कर सकती है। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव स्थानीय मुद्दों और विकास के एजेंडे पर लड़ा जाना चाहिए, न कि भावनाएं भड़काने वाले बयानों के सहारे।
झामुमो ने पूरे मामले में भारत निर्वाचन आयोग से हस्तक्षेप की मांग की है। पार्टी का कहना है कि आयोग को तुरंत संज्ञान लेकर जांच करनी चाहिए और अगर नियमों का उल्लंघन साबित होता है तो सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है, और इस दिशा में समय रहते कदम उठाना जरूरी है।
आरोपों के बीच उन्होंने मतदाताओं से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील भी की। उनका कहना है कि नगर निकायों का सीधा संबंध आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी से होता है। सड़क, पानी, सफाई, रोशनी जैसे मुद्दे नगर निगम से ही जुड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि अगर जनता सकारात्मक जनादेश देती है तो राज्य सरकार और नगर विकास विभाग की योजनाओं को और मजबूती मिलेगी, जिससे शहर के विकास को रफ्तार दी जा सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *