बिहार चुनाव : महागठबंधन से अलग हुआ झामुमो, 6 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान, झारखंड में भी गठबंधन की समीक्षा के संकेत,पार्टी ने स्टार प्रचरकों की सूची जारी किया

गणादेश,रांची : बिहार विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर जारी असहमति के बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने आखिरकार महागठबंधन से नाता तोड़ लिया है। शनिवार को रांची स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में झामुमो के महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने ऐलान किया कि पार्टी बिहार की छह विधानसभा सीटों — चकाई, धमदाहा, कटोरिया, मनिहारी, जमुई और पीरपैंती — पर अपने प्रत्याशी उतारेगी।
भट्टाचार्य ने कहा कि झामुमो ने गठबंधन के नेताओं से कई दौर की बातचीत की, लेकिन किसी ने भी पार्टी को उचित सम्मान नहीं दिया। उन्होंने कहा, “महागठबंधन से हमें धोखा मिला है। अब हम आत्मसम्मान के साथ राजनीति करेंगे, समझौते की राजनीति नहीं। बिहार चुनाव के बाद झारखंड में भी गठबंधन की समीक्षा की जाएगी।”
उन्होंने साफ कहा कि झामुमो अब दबाव की राजनीति से दूर रहकर स्वतंत्र पहचान के साथ आगे बढ़ेगा। भट्टाचार्य ने कहा, “गुरुजी (शिबू सोरेन) ने हमें संघर्ष करना सिखाया है। हम सबकुछ सह सकते हैं, लेकिन आत्मसम्मान पर समझौता नहीं करेंगे।”भट्टाचार्य के इस बयान से झारखंड की सियासत में हलचल मच गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में महागठबंधन के घटक दलों के बीच खींचतान और बढ़ सकती है।इस मौके पर पार्टी ने बिहार चुनाव के लिए 20 स्टार प्रचारकों की सूची भी जारी की, जिसमें झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन का नाम शामिल है। यह सूची चुनाव आयोग को भेज दी गई है।झामुमो का यह कदम बिहार चुनाव में नए समीकरणों की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *