सोमा मुंडा को जिप अध्यक्ष मसीह गुड़िया ने दी श्रद्धांजलि,परिजनों से की मुलाकात,मदद का दिया भरोसा
खूंटी: पहड़ा राजा सोमा मुंडा की हत्या होने से पूरा आदिवासी समाज मर्माहत है। इस बीच अबतक उनके हत्यारे तक पुलिस नहीं पहुंच पाई है यह चिंता का विषय है। इस बीच खूंटी थाना के प्रभारी मोहन यादव को हटा दिया गया है और उनके जगह पर तोरपा के थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह को जिम्मेवारी दी गई है। साथ ही इस मामले की त्वरित कार्रवाई करते हुए अनुसंधान में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है। वहीं शनिवार को सोमा मुंडा के घर कई राजनीतिक लोग पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दिया है। खूंटी जिला परिषद अध्यक्ष मसीह गुड़िया ने भी परिजनों से मुलाकात कर हर संभव मदद का भरोसा दिया है। वहीं सोमा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि कर नमन किया। उनके साथ आदिवासी नेता पूर्व लोकसभा प्रत्याशी मार्शल बारला ने भी सोमा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।
जिप अध्यक्ष मसीह गुड़िया ने कहा कि सोमा मुंडा एक सामाजिक कार्यकर्ता थे। वे आदिवासी ही नहीं गैर आदिवासियों के बीच भी काफी लोकप्रिय व्यक्ति थे। लोगों की समस्याओं को सुनते थे और समाधान की दिशा में वे कार्य करते थे। वे एक साधारण किसान थे और अपना छोटा सा स्कूल चला कर अपने परिवार का भरण पोषण करते थे।
जिप अध्यक्ष ने कहा कि सोमा मुंडा को राज्य सरकार को सम्मान देना चाहिए और उनका आदमकद प्रतिमा को हूटार चौक पर स्थापित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि। वहीं मार्शल बारला ने कहा कि सोमा मुंडा के हत्यारे को गिरफ्तार करने के लिए जिला प्रशासन को 72घंटे का समय दिया है। यदि इतने समय में यदि हत्यारे को पुलिस नहीं गिरफ्तार कर पाती है तो आगे उग्र आंदोलन किया जाएगा।



