विकास और जनकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ रहा झारखंड : विनोद पांडेय

गणादेश,रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने आजसू पार्टी के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड जनकल्याण और विकास के मार्ग पर मजबूती से आगे बढ़ रहा है। पार्टी के महासचिव विनोद पांडेय ने कहा कि जो लोग आंदोलन के नाम पर सौदेबाजी करते रहे, वे अब नैतिकता की बात कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बीते छह वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, महिला सशक्तिकरण, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल हुई हैं। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना से 45 लाख से अधिक महिलाएं आत्मनिर्भर बनीं, सर्वजन पेंशन योजना से 36 लाख लोगों को लाभ मिला। अबुआ आवास और अबुआ स्वास्थ्य योजना ने गरीबों को घर और निःशुल्क इलाज की सुविधा दी।

विनोद पांडेय ने बताया कि सरकार ने युवाओं को रोजगार देने और नियुक्तियों में पारदर्शिता बनाए रखने का काम किया है। किसान समृद्धि योजना और सखी मंडल के जरिये गांवों में आर्थिक सशक्तिकरण हुआ है। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता अब बदलाव महसूस कर रही है — “अबुआ दिशुम, अबुआ राज” की भावना से प्रेरित यह सरकार गरीब, किसान, महिला और युवाओं के सम्मान की प्रतीक बन चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *