जैक 10वीं परिणाम: परीक्षा अंत नहीं, सीखने का पड़ाव : सकलदीप भगत
खूंटी,मुरहू: जैक बोर्ड 10वीं का परिणाम घोषित होने से पहले श्योर सक्सेस कोचिंग सेंटर, मुरहू के निदेशक सह शिक्षक सकलदीप भगत ने अभिभावकों और विद्यार्थियों से संतुलित और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा का परिणाम किसी भी छात्र के भविष्य का अंतिम निर्धारक नहीं होता, बल्कि यह सीखने की प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण चरण है।
उन्होंने कहा कि अंक महत्वपूर्ण जरूर हैं, लेकिन उससे कहीं अधिक आवश्यक है विद्यार्थियों में तार्किक सोच, अनुशासन और निरंतर प्रयास की आदत का विकास। अभिभावकों से उन्होंने आग्रह किया कि वे बच्चों पर अनावश्यक दबाव न बनाएं और उनकी क्षमता व रुचि को समझते हुए उन्हें सही दिशा में मार्गदर्शन दें।
सकलदीप भगत ने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे संभावित असफलता से निराश न हों, बल्कि उसे आत्म-सुधार और आगे बढ़ने का अवसर मानें। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच, धैर्य और सही मार्गदर्शन के साथ ही वास्तविक सफलता प्राप्त की जा सकती है।



