अग्रवाल युवा सभा ने ‘अग्रसेन धारा 5.0’ के तहत नि:शुल्क चलंत प्याऊ सेवा शुरू की
रांची: बढ़ती गर्मी से राहत देने के उद्देश्य से अग्रवाल युवा सभा, रांची ने रविवार (19 अप्रैल 2026) को लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर में ‘अग्रसेन धारा 5.0’ के तहत नि:शुल्क चलंत प्याऊ सेवा का शुभारंभ किया। संस्था द्वारा पिछले चार वर्षों से संचालित इस पहल को इस बार और विस्तारित करते हुए दो रिक्शों के माध्यम से शहर के विभिन्न इलाकों में चलाया जा रहा है।
इस चलंत प्याऊ के जरिए आम नागरिकों, दुकानदारों और राहगीरों को शीतल पेयजल, सत्तू पानी, ग्लूकोज पानी और आम पानी सहित अन्य पेय पदार्थ नि:शुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। सचिव चेतन पोद्दार ने बताया कि इसका उद्देश्य भीषण गर्मी में लोगों को राहत पहुंचाना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि समाजसेवी सतीश तुलस्यान एवं उनकी धर्मपत्नी, जबकि स्वर्गीय रमेश मोदी की स्मृति में उनके परिजनों ने सहयोगकर्ता के रूप में भाग लिया। विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
अध्यक्ष रोहित सरावगी सहित सदस्यों ने अतिथियों का सम्मान किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मयूर पोद्दार, मोहित अग्रवाल, निशान अग्रवाल समेत कई सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संस्था के प्रवक्ता अमित बजाज और मीडिया प्रभारी यश सुरेका ने इसकी जानकारी दी।



