भारत-नेपाल दिव्यांग टी-20 क्रिकेट सीरीज 13 दिसंबर से रांची में

गणादेश,रांची : राजधानी रांची एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की मेजबानी के लिए तैयार है। 13 से 15 दिसंबर तक अनगड़ा स्थित अमिताभ चौधरी क्रिकेट स्टेडियम में भारत और नेपाल के बीच दिव्यांगजनों की तीन मैचों की अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट सीरीज ‘चैंपियन स्पिरिट कप’ आयोजित होगी। प्रतियोगिता का आयोजन दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया से मान्यता प्राप्त झारखंड डिसेबल्ड क्रिकेट एसोसिएशन तथा राउंड टेबल इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। बुधवार को आयोजकों ने प्रेस कांफ्रेंस कर इसकी विस्तृत जानकारी दी। साथ ही मैच के लिए ब्रोसर और टी शर्ट लॉन्च किया।
वहीं प्रेस वार्ता में राउंड टेबल इंडिया, रांची चैप्टर 244 के अध्यक्ष आकाश खोसला ने कहा कि दिव्यांगजनों की खेल प्रतिस्पर्धाओं को बढ़ावा देना समाज के लिए प्रेरणादायक कदम है। संस्था देशभर में जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा के लिए अब तक 10 हजार से अधिक कक्षाओं का निर्माण कर चुकी है और समावेशी विकास को बढ़ावा देना इसका मुख्य उद्देश्य है।
सीरीज को सफल बनाने में राउंड टेबल इंडिया, झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, सीसीएल और झारखंड सरकार मुख्य प्रायोजक हैं। साथ ही एनटीपीसी, एचपी, सीएमपीडीआई, मेघा दूध, झारखंड विकलांग जन फोरम, लीड्स, सेवा सदन कोडरमा, झारक्राफ्ट, पीएनबी बैंक सहित कई स्थानीय संस्थाओं का भी सहयोग प्राप्त हुआ है।
भारतीय टीम की कमान सूव्रो जोरदार संभालेंगे। टीम में उपकप्तान महनतेस चालूवाड़ी सहित नफीस सिद्दकी, कैलाश प्रसाद, जमीर पठान, अनवर मुक्तार अंसारी, साजिद करीम तंबोली, धर्मेंद्र कुमार, सैयद शाह अज़ीज़, अकीब मलिक, राहुल शर्मा, सूरज मनकले, मोहम्मद शौकत अली, जितेंद्र कुमार यादव, महेश कुमार अगली, श्याम चकवा और रांची के विजय कुमार महतो एवं चंदन लोहरा शामिल हैं।
डीसीसीबीआई अध्यक्ष मुकेश कंचन ने बताया कि नेपाल की टीम 12 दिसंबर को रांची पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि नेपाल की टीम जुझारू है और भारत उसे हल्के में नहीं लेगा।
झारखंड डिसेबल्ड क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मेहता ने प्रायोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मीडिया इस आयोजन को सिर्फ खेल भर न समझे बल्कि दिव्यांगजनों के सामाजिक समावेश के महत्वपूर्ण प्रयास के रूप में भी रेखांकित करे। मैच उषा मार्टिन विश्वविद्यालय परिसर में खेले जाएंगे और दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा।
सिरीज़ के सभी मुकाबले सुबह 11 बजे से शुरू होंगे। आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण इस बार किसी तरह का नगद पुरस्कार नहीं रखा गया है। आयोजन में सरिता सिन्हा, जगदीश सिंह जग्गू, अंतु तिर्की, प्रियंका घोष, मुकेश कुमार सहित कई सदस्यों का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *