नरेंद्र मोदी की सरकार में योजनाओं में कट मनी नहीं लगती, पूरा पैसा खाते में आता है : भजन लाल शर्मा

धनबाद: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 30 अप्रैल को धनबाद के एनडीए प्रत्याशी ढुल्लू महतो के नामांकन में शामिल हुए। उन्होंने धनबाद में आयोजित विशाल जनसभा को भी संबोधित किया।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि 2014 के बाद इस देश के भीतर बहुत बड़ा परिवर्तन हुआ है। 2014 से पहले देश की स्थिति सभी ने देखी होगी। भ्रष्टाचार ही भ्रष्टाचार होते थे। भ्रष्टाचार भी ऐसे होते थे कि उसे गिना नहीं जा सकता था। 2014 से पहले देश के भीड़ भाड़ वाले इलाकों में आतंकवादी बम फोड़ कर चले जाते थे। सरहद से सैनिकों का सिर काट कर ले जाते थे। वर्ष 2014 के बाद स्थिति पूरी तरह बदल गई है।
उन्होंने कहा कि पहले गरीबों का कोई बैंक खाता नहीं होता था। गरीब बैंक की चौखट पर भी पैर नहीं रख सकता था‌। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबका खाता बैंक में खुलवाकर कट मनी पर अंकुश लगाया। झारखंड में कट मनी ज्यादा चलती थी। कांग्रेस के पूर्व प्रधानमंत्री कहते थे कि हम ₹1 भेजते हैं, गांव तक जाते-जाते 15 पैसे पहुंचता था। आज प्रधानमंत्री ₹100 डालते हैं, तो खाते में पूरे पूरे पैसे आते हैं। किसानों को किसान सम्मन निधि मिलती है। कहीं कोई कट मनी नहीं लगती है। यह 2014 के बाद का परिवर्तन है।
उन्होंने कहा कि पहले माता-बहनें परेशान रहती थी। शौच के लिए रात होने का इंतजार करती थी। भोर होने से पहले जाती थी। माता बहनों को शौचालय देकर सम्मान देने का काम प्रधानमंत्री मोदी ने किया। मां बहने खाना बनाने में परेशान रहती थी। बारिश में यह बढ़ जाती थी। आंख और फेफड़ों में धुआं जाता था। प्रधानमंत्री मोदी ने उज्ज्वला का कनेक्शन देकर मां-बहनों को सम्मान देने का काम किया।

राजस्थान के मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 के बाद विकास की रफ्तार में तेजी आई। 6 लेन की सड़के बना रही है। रेलवे में भी ऐतिहासिक विकास हुआ है। हर क्षेत्र में विकास हुआ है। अस्पतालों की संख्या बढ़कर पांच गुनी हो गई है। दुनिया के भीतर भारत का सम्मान बढ़ा है। पहले पिछड़ा, दिनहीन भारत का चेहरा विश्व में दिखते थे। आज सारी दुनिया भारत की तरफ हसरत भरी निगाहों से देखती है। रूस और यूक्रेन के युद्ध के बीच में फंसे भारत के नौजवानों को सुरक्षित निकालने का काम प्रधानमंत्री मोदी ने किया। उन्होंने कहा कि इस बार राजस्थान में 25 में से 25 सीटें लोकसभा में आ रही है। इस बार झारखंड में भी 14 में से 14 सीटें भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की होने वाली है। आने वाला विधानसभा चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने वाली है। भाजपा हमेशा देश की संस्कृति और विचार को लेकर चलती है।

श्री शर्मा ने कहा कि विपक्ष कहता था कि जम्मू कश्मीर से धारा 370 नहीं हटेगी। खून की नदियां बह जाएगी। जो लोग ऐसा कहते थे, उनको जवाब मिल गया। धारा 370 हटाने के बाद वहां एक कंकड़ भी नहीं फेंका गया। जब हम कहते थे कि रामलला आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे। विपक्ष वाले कहते थे कि तारीख नहीं बताएंगे। अब भगवान राम का भव्य मंदिर भी बन गया है। विपक्ष ने भगवान राम को काल्पनिक बताने का काम किया‌। भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण भी स्वीकार नहीं किया। जो भगवान राम के नहीं है, तो राम उनके कहां से रहेंगे। झारखंड में आने वाले विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए भाजपा की सरकार बनेगी।

राज्य में भाजपा सरकार बनने पर धनबाद से गुंडागर्दी खत्म होगी : बाबूलाल मरांडी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि इस बार के चुनाव में पिछली बार की तुलना में अधिक वोट से ढुल्लू महतो को विजयी बनाना है। इस गर्मी और विपक्ष के चुनौती को भी स्वीकार करना है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रहने पर सरहद की सुरक्षा मजबूत हुई।आम लोग भय मुक्त होकर जीवन बसर कर रहे हैं। धनबाद शहर में आज लोग भयभीत हैं। यहां से आए दिन हत्या की खबर आती है। रंगदारी मांगने की खबर आती है। जनता को इतना विश्वास दिलाता हूं कि राज्य में 6 महीने बाद भाजपा की सरकार बनने पर धनबाद में चल रहा है गुंडागर्दी को रातों-रात से खत्म कर दिया जाएगा। आम जनता के सहयोग से ही यह संभव हो सकेगा। इसकी शुरुआत लोकसभा चुनाव से करनी है। भाजपा की सरकार बनने पर राज्य का विकास होता है जनता का विकास होता है। इंडी गठबंधन की सरकार बनने पर लोग अपना विकास करते हैं। परिवार का विकास करते हैं। देश के लिए गरीबों के लिए राज्य के विकास के लिए भाजपा को वोट दें। देश में नरेंद्र मोदी को फिर से बनाने के लिए वोट दें।

नरेंद्र मोदी को देश तीसरी बार देश का प्रधान सेवक बनाना है : अमर बाउरी

नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने कहा कि तीसरी बार नरेंद्र मोदी को देश का प्रधान सेवक चुनने के लिए मतदान करना है। हर परेशानी को दरकिनार कर शत प्रतिशत मतदान का प्रयोग कर धनबाद से एनडीए प्रत्याशी ढुल्लू महतो को रिकॉर्ड मतों से विजयी बनाना है। विरोधियों के दांत पहले ही खट्टे थे। जनता ने उनके दांतों को और खट्टा करने का काम किया है। उसके हौसले को पस्त करने का काम किया है।
आजसू पार्टी के प्रमुख सुदेश महतो ने कहा कि विपक्ष की कोई चुनौती यहां नहीं दिख रही है। यह चुनाव पूरे भारत के नेता का चुनाव है। एनडीए के 400 पार के लक्ष्य को पूरा करने के लिए धनबाद से ढुल्लू महतो को विजयी बनाना है। विपक्ष के पास नेता का कोई चेहरा नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी का कोई विकल्प नहीं है। जिस गठबंधन का कोई चेहरा नहीं, तो उसे वोट नहीं। यही मानकर जनता को वोट करना है। देश प्रधानमंत्री चुनने निकला है और प्रधानमंत्री ऐसा चाहिए जो 10 साल से परखा हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी ने सिंदरी कारखाना को पुनर्जीवित कर ऐतिहासिक काम किया है। आईएसएम को आईआईटी का दर्जा देने का काम किया है।
प्रत्याशी ढुल्लू महतो ने कहा कि एक मजदूर के बेटा को भारतीय जनता पार्टी ने धनबाद से उम्मीदवार बनाया है। जीतने के बाद मैं ईमानदारी पूर्वक जनता की सेवा करूंगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक-एक काम को धरती पर उतरने का काम करूंगा। आम जनता के लिए 24 घंटे उपलब्ध रहूंगा।

इस अवसर पर धनबाद सांसद पीएन सिंह गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, विधायक बिरंची नारायण, राज सिन्हा, अपर्णा सेनगुप्ता, लंबोदर महतो, गणेश मिश्रा, सरोज सिंह, सुरेश साव, सत्येंद्र कुमार, रोहित लाल सिंह, श्रवण राय, संजीव अग्रवाल, राजकुमार राज सहित अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *