भागलपुर में युवा संवाद, युवाओं के जोश में बोले दिग्गज – अबकी बार, भागलपुर में कमल खिलेगा
भागलपुर। राजनीति की गर्माहट में डूबा भागलपुर उस समय जोश और जुनून से भर उठा जब भाजयुमो के ‘युवा संवाद’ मंच पर देश के दिग्गज नेता एक साथ दिखे। जैसे ही डिप्टी सीएम विजय सिन्हा, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष भारतेंदु मिश्रा और अन्य नेता मंच पर पहुंचे, माहौल मानो चुनावी बिगुल बन गया। नेताओं ने हुंकार भरी इस बार बिहार में कमल ही कमल खिलेगा, और ऐसी बहार लाएगा कि विपक्ष सिर्फ तमाशा देखता रह जाएगा। भागलपुर में भी कमल खिलेगा। बिहार में बड़े बहुमत से फिर से एनडीए की सरकार बनेगी। विपक्ष के पास अब कोई मुद्दा अब नहीं बचा है।
मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री सह सांसद अनुराग ठाकुर ने मंच से विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। राजद कांग्रेस ने मां को गाली देकर बिहार को लज्जित किया है। बिहार में अब ‘जंगलराज’ नहीं ‘मंगलराज’ कायम है। लालटेन युग अब समाप्त हो चुका है। जनता विकास कार्यों से खुश है। हर तरफ चहुंमुखी विकास दिख रहा है। डिप्टी सीएम ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि राजद- कांग्रेस के लोग एआई का वीडियो बनाकर माता बहनों को अपमानित किया है।
दोनों नेताओं ने मंच से युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि देश का भविष्य युवाओं के साथ में है। और उनकी सक्रिय भागीदारी से ही भारत विश्व मंच पर अग्रणी भूमिका निभा सकता है। इस युवा शंखनाद में नेतृत्व क्षमता, नवाचार एवं समाजसेवा के महत्व को फोकस किया गया।
एयरपोर्ट से ही शुरू हो गया था ‘कमल मिशन’
भागलपुर एयरपोर्ट पर जब नेताओं के कदम पड़े, तो मानो चुनावी आगाज़ हो गया। युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष आशीष पांडे, जिला अध्यक्ष संतोष कुमार, रोहित पांडे, अर्जित शाश्वत चौबे और पवन मिश्रा, प्रीति शेखर, मंतोश कापडी जैसे नेताओं ने पूरे उत्साह के साथ पुष्पगुच्छों और नारों के जरिए स्वागत किया। अंग प्रदेश की गौरवगाथा और सांस्कृतिक पहचान का परिचय भी दिलाया गया – राजनीति यहां सिर्फ वोट की नहीं, विरासत की भी बात है।
मंच पर गरजे नेता, मैदान में गूंजा विश्वास
कार्यक्रम स्थल पर युवाओं की भारी भीड़ उमड़ी – सिर्फ संख्या नहीं, समर्थन का सैलाब भी। “भारत माता की जय” और “विकास के साथ भाजपा” जैसे नारों ने पूरे परिसर को जोश से भर दिया। मंच से नेताओं ने सीधे-सीधे कहा, “बिहार की जनता अब भ्रम में नहीं, विश्वास में है। और यह विश्वास कमल पर है।”
विपक्ष पर निशाना, युवाओं से सीधा संवाद
डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने कहा – “विपक्ष के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है। सिर्फ अफवाहों का कारोबार बचा है। वहीं भाजपा और एनडीए विकास, सुशासन और युवाओं की आकांक्षाओं को साथ लेकर आगे बढ़ रही है।” अनुराग ठाकुर ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा, “युवाओं की यह ताकत बिहार को नई दिशा देने वाली है।”
कुलमिलाकर, भागलपुर में भाजपा और भाजयुमो ने सिर्फ एक संवाद नहीं, बल्कि 2025 के चुनावी रण का ट्रेलर दिखा दिया। भीड़, जोश, नारे और नेतागण-सब कुछ इस ओर इशारा कर रहे हैं कि कमल इस बार सिर्फ खिलेगा नहीं, छाएगा भी।



