बीएसएल में सुरक्षा जागरूकता के तहत मानव श्रृंखला एवं गैस सुरक्षा कार्यक्रम
बोकारो -बोकारो इस्पात संयंत्र में सुरक्षा को और सुदृढ़ बनाने तथा सुरक्षा सर्वप्रथम की मूल भावना को कार्यस्थल की संस्कृति में प्रभावी रूप से स्थापित करने के उद्देश्य से लगातार विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।इसी क्रम में प्लांट प्लाज़ा रोड पर एक विशेष मानव श्रृंखला का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य कर्मियों में सुरक्षा चेतना को और अधिक मजबूत करना तथा कार्यस्थल पर सुरक्षा को कार्य संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाना था। इस अवसर पर अधिशासी निदेशक (संकार्य) प्रिय रंजन तथा अधिशासी निदेशक (ऑपरेशन) अनुप कुमार दत्त उपस्थित रहे। उन्होंने सभी कर्मियों से सुरक्षित कार्य व्यवहार अपनाने और हर समय सतर्क रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएँ) बी. के. सरतापे, मुख्य महाप्रबंधक (यांत्रिकी) प्रकाश कुमार सहित सुरक्षा अभियंत्रण एवं यांत्रिकी विभाग के अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ठेका श्रमिक मौजूद रहे. प्रतिभागियों ने सुरक्षा संदेशों से युक्त तख्तियों के माध्यम से सड़क और कार्यस्थल दोनों पर सतर्कता एवं जिम्मेदारी का संदेश दिया। एक अन्य कार्यक्रम में मानव संसाधन विभाग के ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग के मेन ऑडिटोरियम में गैस सुरक्षा पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें संयंत्र के विभिन्न विभागों से कुल 83 अधिकारी, कर्मचारी एवं निविदा कर्मियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन सुरक्षा अभियंत्रण विभाग एवं ऊर्जा प्रबंधन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में ऊर्जा प्रबंधन विभाग के सहायक महाप्रबंधक सुखदेव महतो ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए सुरक्षा शपथ दिलाई तथा गैस सुरक्षा के महत्व और इसकी उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला।तत्पश्चात ऊर्जा प्रबंधन विभाग के सहायक प्रबंधक सुशिल कुमार ने एक प्रस्तुतीकरण के माध्यम से गैस सुरक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की और सभी प्रतिभागियों को इस प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में जनार्जन एवं विकास विभाग का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



