एचआईएल 2025-26 के उद्घाटन में शामिल होने के लिए हॉकी इंडिया के सेक्रेटरी ने किया मुख्यमंत्री को आमंत्रित
रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से शुक्रवार को राजधानी रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को आगामी 28 दिसंबर 2025 से आयोजित होने वाली हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) 2025-26 के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होने का सादर आमंत्रण दिया।
बता दे,हॉकी इंडिया लीग का आयोजन रांची के मोराबादी स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में किया जाएगा। मुलाकात के दौरान हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने लीग के सफल आयोजन को लेकर की जा रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी मुख्यमंत्री को दी।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने झारखंड में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों को लेकर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने हॉकी इंडिया लीग के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।



