हेमंत सोरेन की सरकार झारखंडी जनता का राजनीतिक शिकार कर रही है : सुदेश कुमार महतो

रांची: झूठ की बुनियाद पर खड़ा संगठन आज राज्य का नेतृत्व कर रहा। अस्सी के दशक से शुरु हुआ झूठ, लूट और भ्रम का मायाजाल, आज भी कायम है। वर्तमान सरकार द्वारा झारखंडी जनता का राजनीतिक शिकार किया जा रहा। इन्होंने झारखंड आंदोलन को लटकाने और भटकाने का काम किया और अब खतियान तथा आरक्षण जैसे गंभीर एवं संवेदनशील विषय को भी लटका दिया है। जनता को इनकी कुटिल राजनीति को समझना होगा।

विधानसभा के प्रत्येक सत्र में इन्होंने स्थानीय नीति तथा आरक्षण के विषय पर अलग-अलग बयान दिए और जब इनके राजनीतिक अस्तित्व पर संकट आया, तो इन्होंने अपने बयानों से यू टर्न ले लिया। और अब ये अपनी राजनीतिक शहादत का मौका ढूंढ रहें, ताकि उसका सहारा लेकर अपनी नाकामियों को छिपा सकें।

उक्त बातें झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष श्री सुदेश कुमार महतो ने प्रधान कार्यालय, रांची में आयोजित केंद्रीय समिति की बैठक के दौरान कही।

केंद्रीय समिति की बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए आजसू पार्टी के वरीय उपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि खतियान आधारित स्थानीय एवं नियोजन नीति तथा आरक्षण के विषय पर हम शुरू से मुखर रहे हैं। चाहे सदन हो या सड़क, हमने इन विषयों पर लगातार अपनी आवाज बुलंद की। पिछड़ा आरक्षण के विषय पर हम सुप्रीम कोर्ट भी गए, लेकिन सरकार से सुप्रीम कोर्ट का अभी अवमानना करते हुए नगर निकाय चुनाव में भी पिछड़ों की हकमारी की। आज राज्य की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। आज अपने राज्य में कानून का राज नहीं, बल्कि अपराधियों का राज है। भ्रष्टाचार चरम पर है। सरकार अपनी नाकामियों और अपनी काली करतूतों को छिपाने के लिए दिन रात नए नए हथकंडे अपना रही। कहा कि मुख्यमंत्री को संवैधानिक संस्थाओं को चुनौती देने के बजाए वैधानिक कार्यवाही का सामना करना चाहिए।

केंद्रीय समिति की बैठक में आजसू पार्टी के भावी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई, जिसमें महाधिवेशन मुख्य रुप से शामिल था। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से ये प्रस्ताव हुए पारित –

• राज्य के सभी 81 विधानसभा में जन पंचायत लगाकर, राज्य के ज्वलंत विषयों पर संवाद किया जाएगा।

• 20 नवंबर को अखिल झारखंड श्रमिक संघ का राज्यस्तरीय अधिवेशन बेरमो में आयोजित किया जाएगा।

• 04 दिसंबर को कोनार डैम क्षेत्र, मांडू में अखिल झारखंड महिला संघ का राज्यस्तरीय अधिवेशन का आयोजन किया जाएगा।

• सर्वसम्मति से यह भी निर्णय लिया गया कि चूंकि पिछले महाधिवेशन का कार्यकाल मार्च 2022 तक निर्धारित था, किंतु कोविड महामारी की वजह से महाधिवेशन के सभी मानदंडों को पूरा करना संभव नहीं था, इसलिए एक वर्ष के लिए महाधिवेशन की अवधि का विस्तार किया जाएगा। साथ ही सर्वसम्मति से 3,4 एवं 5 मार्च,2023 को पार्टी के केंद्रीय महाधिवेशन आयोजित करने का प्रस्ताव पारित किया गया।

केंद्रीय समिति की बैठक में मुख्य रुप से आजसू पार्टी के वरीय उपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश चौधरी, प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस, केंद्रीय महासचिव डॉ. लंबोदर महतो, रोशनलाल चौधरी एवं राजेंद्र मेहता, केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी एवं कुशवाहा शिवपूजन मेहता, केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय सचिव माधव चंद्र महतो, गोपीनाथ सिंह, अजय सिंह, सतीश कुमार, मनोज चंद्रा एवं हरेलाल महतो, महिला संगठन सचिव वर्षा गाड़ी सहित केंद्रीय समिति के सभी सदस्य, विधानसभा प्रभारी, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, जिला सचिव, जिला परिषद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, प्रमुख तथा सभी अनुषंगी इकाई के प्रदेश अध्यक्ष, सचिव एवं संयोजक उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *