नहीं रही हिंदी फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री तबस्सुम

नई दिल्ली : हिंदी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री तबस्सुम ने 78 साल की उम्र में बीते शुक्रवार शाम को दुनिया को अलविदा कह दिया। मौत के पीछे कार्डियक अरेस्ट होना बताया जा रहा है।
साल 1947 में तबस्सुम ने बेबी तबस्सुम के नाम से बतौर बाल कलाकार अपने करियर की शुरुआत की थी। वो फेमस चाइल्ड आर्टिस्ट हुआ करती थीं। अप्रैल 2021 में भी तबस्सुम गोविल के निधन की अफवाहें सामने आई थीं। उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर बताया था कि ये खबर झूठी हैं। लेकिन इस बार ये खबर फेक नहीं है। तबस्सुम गोविल सही में दुनिया को छोड़कर जा चुकी हैं। इंडस्ट्री में इस खबर के आने के बाद ही शोक की लहर दौड़ गई है।
मां तबस्सुम के निधन के बारे में आजतक.इन से उनके बेटे होशांग ने बताया कि मां कल रात 8:40 पर कार्डियक अरेस्ट की वजह से गुजर गईं। उन्होंने पहले ही परिवार को हिदायत दे रखी थी कि उनके जाने की खबर मैं दो दिन बाद दूं। अंतिम संस्कार होने के बाद ही मैंने ये खबर मीडिया को बताई है।
1947 में आई फिल्म ‘नरगिस’ से तबस्सुम ने बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट अपने करियर की शुरुआत की थी। इस बाद उन्हें मेरा सुहाग, मंझधार, बड़ी बहन और दीदार में देखा गया। लता मंगेशकर के गाए गाने ‘बचपन के दिन भूला ना देना’ बेबी तबस्सुम पर ही फिल्माया गया था। फिल्म ‘बैजू बावरा’ में उन्होंने मीना कुमारी के बचपन का रोल निभाया था।
फिल्मों से कुछ सालों का ब्रेक लेने के बाद बड़ी हो चुकी तबस्सुम ने भारतीय टेलीविजन के पहले टॉक शो ‘फूल खिले हैं गुलशन गुलशन’ को होस्ट किया। ये शो 1972 से लेकर 1993 तक 21 सालों तक चला था। इसे काफी लोकप्रियता मिली थी। हर उम्र के लोगों ने इसे पसंद किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *