गुरु द्रोणाचार्य पर अमानजनक शब्द बोलने पर आजसू नेत्री ज्योत्सना करकेटा पर मामला दर्ज करने को लेकर आवेदन,सिटी एसपी पारस राणा को सामाजिक कार्यकर्ता कुमुद झा ने दिया आवेदन

रांची: आजसू पार्टी की नेत्री ज्योत्सना करकेटा द्वारा एक निजी कार्यक्रम के दौरान गुरु द्रोणाचार्य के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। राजधानी रांची में इस बयान को लेकर कई सामाजिक संगठनों ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। मामले को गंभीर बताते हुए ज्योत्सना करकेटा के खिलाफ साइबर थाना में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है।
शुक्रवार को सामाजिक कार्यकर्ता कुमुद झा के नेतृत्व में विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने सिटी एसपी पारस राणा से मुलाकात कर एक लिखित आवेदन सौंपा। आवेदन के माध्यम से उन्होंने आजसू नेत्री ज्योत्सना करकेटा के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। इस पर सिटी एसपी ने आवेदन स्वीकार करते हुए निष्पक्ष जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।
आवेदन सौंपने के बाद मीडिया से बातचीत में कुमुद झा ने कहा कि गुरु द्रोणाचार्य जैसे पूजनीय गुरु पर सार्वजनिक मंच से अपशब्द बोलना न केवल घोर आपत्तिजनक है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति और परंपरा का भी अपमान है। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणियां एकलव्य जैसे आदर्श पात्रों के सम्मान को भी ठेस पहुंचाती हैं, जिसे समाज किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा।
कुमुद झा ने यह भी कहा कि गुरु द्रोणाचार्य के नाम पर देश में प्रतिष्ठित द्रोणाचार्य पुरस्कार दिया जाता है, जिसे अब तक लाखों खिलाड़ी और प्रतिभाएं प्राप्त कर चुकी हैं। ऐसे में इस प्रकार की टिप्पणी उन सभी पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं का भी अपमान है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र और सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो हिंदू–मुस्लिम समाज एकजुट होकर उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *