जोजोहातू में फुटबॉल टूर्नामेंट के साथ भव्य छऊ नृत्य का शुभारंभ, बड़ी संख्या में जुटे ग्रामीण

खूंटी :अड़की प्रखंड के बालालौंग पंचायत अंतर्गत जोजोहातू गांव में खेल एवं सांस्कृतिक परंपरा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फुटबॉल टूर्नामेंट तथा भव्य छऊ नृत्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में कुल आठ टीमों ने भाग लिया, जिसमें आसपास के कई गांवों के खिलाड़ी शामिल हुए। मैच को देखने के लिए ग्रामीणों की काफी भीड़ मैदान में उमड़ी और पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
बुधवार को छऊ नृत्य कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि झामुमो जिला प्रवक्ता सह विधायक प्रतिनिधि मनोज मंडल के द्वारा फीता काटकर किया गया। उद्घाटन के बाद उन्होंने खिलाड़ियों एवं आयोजन समिति को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह के खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रम ग्रामीण समाज को एकजुट रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि छऊ नृत्य हमारी पारंपरिक धरोहर है और ऐसे आयोजन से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति को जानने और समझने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम के दौरान पश्चिम बंगाल से आए प्रसिद्ध कलाकार उस्ताद कार्तिक सिंह मुंडा, धनंजय महतो और वृंदावन कुम्हार के नेतृत्व में छऊ नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी जा रही है। कलाकारों की प्रस्तुति देखने के लिए दूर-दराज के गांवों से भी लोग पहुंचे। ढोल-नगाड़े और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर प्रस्तुत छऊ नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि हर वर्ष गांव में इस तरह का खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाता है ताकि युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित किया जा सके और पारंपरिक लोक कला को जीवित रखा जा सके।
इस अवसर पर फागु सिंह मुंडा, महेश्वर महतो, बुधराम बढ़ाईक, पंचानंद महतो, राम सिंह मुंडा, सोवर्धन लोहरा, रमेश चंद्र महतो, उपेंद्रनाथ महतो, सोहराई मुंडा, भोला हजाम, अनिल महतो, तिलक चंद्र महतो, शंकर महतो, हालदार महतो सहित गांव के कई गणमान्य लोग तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *