राज्यसभा चुनाव : निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नथवाणी ने दावा, उन्हें विभिन्न राजनीतिक दलों का है समर्थन
गणादेश,रांची : झारखंड में राज्यसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी के एंट्री से चुनाव बहुत ही रोचक हो गया है। हालांकि परिमल नाथवानी को बीजेपी का समर्थन प्राप्त हो गया है। इसके अलावा कई विधायक उनके संपर्क में हैं। सोमवार को परिमल नाथवानी ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल कर दिया। उनके प्रस्तावक में भाजपा के सचेतक नवीन जायसवाल,बीजेपी विधायक सीपी सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी थे। नामांकन के अंतिम दिन दो सेटों में पर्चा दाखिल करते हुए नथवाणी ने दावा किया कि उन्हें विभिन्न राजनीतिक दलों का समर्थन प्राप्त है और वे इस चुनाव में जीत दर्ज करेंगे। नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में परिमल नथवाणी ने कहा कि उन्होंने अपने पिछले दोनों कार्यकाल में झारखंड के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं और यदि उन्हें फिर अवसर मिलता है तो राज्य के विकास को नई गति देंगे। उन्होंने कहा, “मैं कभी बाहरी नहीं रहा। झारखंड मेरी कर्मभूमि है और यहां के लोगों के साथ मेरा गहरा जुड़ाव है। मैं सभी दलों और सभी वर्गों को साथ लेकर काम करने में विश्वास रखता हूं। नामांकन के बाद परिमल नथवाणी ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के कक्ष में एनडीए विधायकों के साथ बैठक भी की। बैठक में भाजपा, आजसू, जदयू और लोजपा (रामविलास) के विधायक शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने सभी विधायकों से सहयोग की अपील की। गढ़वा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने स्पष्ट कहा कि एनडीए ने यूपीए समर्थित उम्मीदवारों के खिलाफ मतदान करने का निर्णय लिया है और इसी रणनीति के तहत परिमल नथवाणी का समर्थन किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “एनडीए पूरी तरह एकजुट है। सभी विधायक एकमत होकर मतदान करेंगे और अंतरात्मा की आवाज के अनुसार फैसला लेंगे।” परिमल नथवाणी ने यह भी बताया कि उन्होंने हाल ही में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की थी। हालांकि उन्होंने उस मुलाकात के राजनीतिक पहलुओं पर ज्यादा टिप्पणी नहीं की, लेकिन कहा कि वे सभी दलों के साथ सकारात्मक संबंध रखते हैं और राज्यहित में काम करना उनकी प्राथमिकता है।



