नेमरा पहुंचे राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार,पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन को दी श्रद्धांजलि

नेमरा (रामगढ़) :पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देने गुरुवार को झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार नेमरा पहुंचे। वहां पर वे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पैतृक आवास पर गए और पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु स्मृति -शेष शिबू सोरेन की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने ईश्वर से दिवंगत शिबू सोरेन को अपने श्रीचरणों में स्थान देने,उनकी आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिजनों को इस विकट दुःख को सहन करने का संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। मौके पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना प्रकट की तथा उनका ढांढ़स बंधाते हुए कहा कि दुःख की इस घड़ी में हम सभी उनके साथ हैं।

गौरतलब है चार अगस्त को पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया था। इसके साथ ही झारखंड सरकार ने झारखंड में तीन दिनों के लिए राजकीय शोक घोषित कर दिया। इस दौरान सरकारी कार्यालय में काम काज बंद रहे,स्कूल,कॉलेज भी बंद रहे। चार अगस्त की शाम सात बजे पार्थिव शरीर दिल्ली से रांची मोरबादी मैदान स्थित आवास पर अंतिम दर्शन के लिए लाया गया। वहीं पाँच अगस्त को अंतिम यात्रा निकाल कर पार्थिव शरीर को विधानसभा,पार्टी कार्यालय के बाद रामगढ़ के नेमरा स्थित पैतृक गांव में दिवंगत शिबू सोरेन का अंतिम संस्कार किया गया। उनके पुत्र सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मुखाग्नि दी। इसके साथ ही शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर पंचतत्व मे विलीन हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *