रामगढ़ उप चुनाव: कांग्रेस ने ममता देवी के पति बजरंग महतो को बनाया उम्मीदवार

रांची: रामगढ़ उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। कांग्रेस ने पूर्व विधायक ममता देवी के पति बजरंग महतो को उम्मीदवार बनाया है। नामांकन की अंतिम तारीख 7 फरवरी है। इसी के साथ उपचुनाव को लेकर रामगढ़ का राजनीतिक माहौल गर्म होता जा रहा है। जबकि आजसू ने तीन फरवरी को ही अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी थी। आजसू ने गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी की पत्नी सुनीता चौधरी को मैदान में उतारा है। इस बार के चुनाव में भाजपा आजसू गठबंधन के साथ पूरे दमखम से चुनाव लड़ने की तैयारी की है। वहीं कांग्रेस को झामुमो और राजद का समर्थन मिला है।
बता दें कि 2019 में हुए चुनाव में भी आजसू ने चंद्रप्रकाश चौधरी की पत्नी सुनीता चौधरी को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन कांग्रेस के प्रत्याशी ममता देवी ने उन्हें बड़े अंतर से हरा दिया। उस समय बीजेपी से अलग होकर आजसू ने चुनाव लड़ा था। इस बार हर हाल में चुनाव जीतने के लिए आजसू पार्टी ने पहले से ही तैयारी शुरू कर दी। इसको लेकर आजसू प्रमुख सुदेश कुमार महतो के निर्देशानुसार रामगढ़ विधानसभा में प्रखंडवार प्रभारियों की नियुक्ति की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *