राज्यपाल संतोष गंगवार,सीएम हेमंत सोरेन,विधायक कल्पना सोरेन सहित कई वीआईपी नेताओं ने किया मतदान
रांची: झारखंड में चल रहे नगर निकाय चुनाव के दौरान आम मतदाताओं के साथ-साथ वीआईपी मतदाताओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रांची के एटीआई स्थित मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान करने के बाद उन्होंने राज्य के लोगों से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान नागरिकों का महत्वपूर्ण अधिकार है और इसमें सभी की भागीदारी आवश्यक है।

वहीं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपनी पत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के साथ हरमू स्थित संत कुलदीप स्कूल मतदान केंद्र पर पहुंचकर वोट डाला। मुख्यमंत्री ने मतदान के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि नगर निकाय चुनाव लोकतंत्र का महापर्व है और इसमें लोगों को बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने मतदाताओं से शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने में सहयोग करने की भी अपील की।
मुख्यमंत्री के मतदान केंद्र पहुंचने को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मतदान स्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रही।
वहीं प्रदेश कांग्रेस महिला अध्यक्ष सह कांग्रेस समर्थित मेयर प्रत्याशी रमा खलखो,भाजपा समर्थित प्रत्याशी रोशनी खलखो,पूर्व मेयर आशा लकड़ा,पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय सहित कई नेताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।चुनाव के दौरान विभिन्न मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। युवा, महिलाएं और बुजुर्ग मतदाता उत्साह के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंचे। इससे यह स्पष्ट हुआ कि नगर निकाय चुनाव को लेकर लोगों में लोकतांत्रिक जागरूकता और भागीदारी लगातार बढ़ रही है।



