रांची जिला के तमाड़, सिल्ली, खिजरी, रांची, हटिया, कांके और माण्डर विधानसभा क्षेत्र ईआरओ और एईआरओ कार्यालय परिसर में हुआ पौधरोपण

रांची: विश्व पर्यावरण दिवस पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त छवि रंजन ने समाहरणालय रांची परिसर में “लोकतंत्र का पौधा लगाया। उपायुक्त ने माण्डर विधानसभा उप चुनाव को हरित चुनाव (ग्रीन इलेक्शन) के रूप में मनाने का भी आव्हान किया।

इस अवसर पर डीडीसी सह वरीय पदाधिकारी कार्मिक कोषांग, ए डी एम लॉ एंड आर्डर, अपर समाहर्ता, निर्वाची पदाधिकारी 66- माण्डर (अ0 ज0 जा0) विधानसभा सह विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी, एस डी एम सदर, अपर समाहर्ता (नक्सल), उप निर्वाचन पदाधिकारी, समेत विभिन्न कोषांगों के वरीय पदाधिकारी एवं नोडल पदाधिकारी ने भी वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर बूथ लेवल ऑफिसर ने भी वृक्षारोपण किया।

लोकतंत्र का वृक्ष, लोकतंत्र की नींव

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने इस अवसर पर कहा कि लोकतंत्र में जनता को सर्वोपरी माना गया है। चुनाव के माध्यम से ही आमजन मताधिकार का प्रयोग कर अपने पसंद के प्रत्याशी को चुनते हैं। चुनाव लोकतंत्र का सबसे पड़ा पर्व है। और इस माण्डर उप चुनाव को “ग्रीन इलेक्शन” के रूप में मनाने का संकल्प लिया गया है। यह लोकतंत्र का वृक्ष लोकतंत्र के महापर्व की नींव है।

सभी प्रखण्डों में भी किया गया वृक्षारोपण

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रांची श्री छवि रंजन के निदेशानुसार रांची जिला के माण्डर विधानसभा समेत 6 अन्य विधानसभा क्षेत्र में भी वृक्षारोपण किया गया। रांची जिला के तमाड़, सिल्ली, खिजरी, रांची, हटिया, कांके और माण्डर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबन्धन पदाधिकारी और सहायक निर्वाचक निबन्धन पदाधिकारी के कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया।

माण्डर वि0 स0 के सभी 429 मतदान केंद्रों के लिए निर्देश
■ चरणबद्ध तरीके से वृक्षारोपण
■ सिंगल यूज़ प्लास्टिक/थर्मोकोल का इस्तेमाल न करें
■ इको फ्रेंडली पदार्थों का इस्तेमाल करें
■ इको फ्रेंडली डस्टबीन रखें

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने 66- माण्डर (अ0 ज0 जा0) विधानसभा के सभी सहायक निर्वाचक निबन्धन पदाधिकारियों को यह सख्त निर्देश दिया है कि किसी भी सूरत में सिंगल यूज़ प्लास्टिक या थर्मोकोल का प्रयोग चुनाव कार्य में न करें। सभी 429 मतदान केंद्रों पर चरणबद्ध तरीके से वृक्षारोपण करने का निर्देश दिया गया।मतदान केन्द्रों पर इको फ्रेंडली पदार्थों यथा पत्ता, दोना, कागज, जूट, मिट्टी के बर्तनों इत्यादि का प्रयोग करना है।
सभी मतदान केन्द्र पर इको फ्रेंडली डस्टबीन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया है ताकि किसी भी प्रकार के पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले कचरे यथा फेंके हुए मास्क, प्लास्टिक इत्यादि के सामग्रियों को रखा जा सके और उसका उचित डिस्पोजल की व्यवस्था करने का निर्देश भी दिया गया।

बाजार, हाट में हरित चुनाव (ग्रीन एक्शन) की दें जानकारी

सभी सहायक निर्वाचक निबन्धन पदाधिकारियों को इको फ्रेंडली पदार्थों के इस्तेमाल के संबंध में लोगों को जानकारी देने और व्यापक जागरूकता फैलाने का निदेश दिया गया है। इस हेतु समय – समय पर लगने वाले बाजार, हाट के माध्यम से आमजन में जागरूकता लाने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *