झारखंड स्थापना दिवस पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा को अर्पित की श्रद्धांजलि
रांची: झारखंड राज्य के स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर पूरे राज्य में उत्साह का माहौल है। राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होने पर सरकार इस दिन को रजत पर्व के रूप में मना रही है। राजधानी रांची को विशेष रूप से सजाया गया है। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तथा मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों के होर्डिंग और आकर्षक लाइटिंग लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। मुख्य समारोह मोरहाबादी मैदान में आयोजित होगा, जहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों और राज्य की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।
दिन की शुरुआत कोकर स्थित भगवान बिरसा मुंडा समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम से हुई। राज्यपाल संतोष गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने समाधि स्थल पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की और धरती आबा को नमन किया। इस मौके पर राज्यपाल ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पूरे झारखंड के लिए प्रेरणा का क्षण है। उन्होंने प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और कहा कि राज्य उनकी विचारधारा से मार्गदर्शन लेता रहेगा।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड के 25 वर्ष संघर्ष, विकास और पहचान की यात्रा का प्रतीक हैं। सरकार राज्य को विकसित राज्यों की श्रेणी में अग्रणी स्थान दिलाने के लिए निरंतर काम कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में झारखंड देश के सबसे तेजी से विकसित होने वाले राज्यों में शामिल होगा।
वीआईपी आगमन को लेकर समाधि स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे। प्रशासन ने पूरे कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया।



