झारखंड राज्यसभा चुनाव में गौरव वल्लभ की एंट्री, भाजपा के हैं उम्मीदवार

रांची: झारखंड में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपने उम्मीदवार के नाम पर लगभग सहमति बना ली है। पार्टी सूत्रों के अनुसार राजस्थान के निवासी और पूर्व कांग्रेस नेता गौरव वल्लभ को भाजपा राज्यसभा चुनाव में अपना प्रत्याशी बना सकती है। हालांकि पार्टी की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
सूत्रों का कहना है कि रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में हुई विधायक दल की बैठक में गौरव वल्लभ के नाम पर सहमति बन गई है। वर्ष 2024 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए गौरव वल्लभ की पहचान एक प्रखर वक्ता और अर्थशास्त्र के जानकार के रूप में रही है। वे जमशेदपुर स्थित एक्सएल आर आई जेवियर्स स्कूल ऑफ मैनेजमेंट में प्रोफेसर भी रह चुके हैं। इसके अलावा वे दो चुनाव भी लड़ चुके हैं। वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने जमशेदपुर पूर्वी सीट से चुनाव लड़ा था, जहां उन्हें तीसरा स्थान मिला था।
भाजपा की ओर से राज्यसभा उम्मीदवार के लिए कई नाम केंद्रीय नेतृत्व को भेजे गए थे। इनमें अर्जुन मुंडा, गणेश मिश्रा, आशा लकड़ा, बालमुकुंद सहाय और राकेश प्रसाद जैसे नेताओं के नाम शामिल थे। लेकिन केंद्रीय नेतृत्व ने गौरव वल्लभ के नाम पर सहमति बनाकर प्रदेश नेतृत्व को संकेत दे दिया है।
इधर राज्यसभा की दूसरी सीट को लेकर महागठबंधन में भी हलचल तेज है। कांग्रेस ने प्रणव झा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि झामुमो दोनों सीटों पर दावा ठोकने की रणनीति पर काम कर रही है। ऐसे में गठबंधन के भीतर राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।
राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की रणनीति पर निर्भर करेगा। नामांकन की अंतिम तिथि से पहले यदि महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर सहमति नहीं बनती है, तो राज्यसभा चुनाव झारखंड की राजनीति में नए समीकरण और संभावित तनाव पैदा कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *