लोहरदगा में सर्राफा व्यवसायी की हत्या व लूट के प्रयास से आक्रोश, आज सभी ज्वेलरी दुकानें रहेंगी बंद
रांची : लोहरदगा में सर्राफा व्यवसायियों की सुरक्षा को लेकर जिला सर्राफा एसोसिएशन ने कड़ा रुख अपनाया है। शहर में सर्राफा दुकान में खुलेआम हथियार लेकर हत्या और लूटपाट के प्रयास, युवा व्यवसायी शुभम साहू की हत्या तथा पेट्रोल पंप पर रंगदारी की घटना के बाद व्यवसायियों में भय और असुरक्षा का माहौल है। इसे लेकर खेमराज स्मृति भवन में जिला सर्राफा एसोसिएशन की आपात बैठक अध्यक्ष दुर्गा सोनी की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में व्यवसायी संजय खत्री ने अपने प्रतिष्ठान में हुई घटना की विस्तृत जानकारी दी। व्यवसायियों ने कहा कि लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के कारण वे भय के वातावरण में कारोबार करने को मजबूर हैं। उन्होंने प्रशासन से लंबित बंदूक लाइसेंस जल्द जारी करने की मांग की।
व्यवसायियों ने पूरे शहरी क्षेत्र में दिन-रात पुलिस गश्त बढ़ाने, वाहनों की नियमित जांच करने, खुलेआम मादक पदार्थों की बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में दिन के समय पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग की।
बैठक में उपस्थित सर्राफा व्यवसायियों ने हाथ उठाकर निर्णय लिया कि अगले दिन सभी सर्राफा व्यवसायी अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर पोस्टर लगाकर दुकानें बंद रखेंगे। साथ ही एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल लोहरदगा के पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर व्यवसायियों की सुरक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठाएगा।
बैठक में झारखंड राज्य स्वर्णकार समाज एवं ज्वेलर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल प्रसाद सोनी, प्रदेश सलाहकार सदस्य लक्ष्मी स्वर्णकार, बेड़ो प्रखंड अध्यक्ष बजरंग प्रसाद सोनी, लोहरदगा सर्राफा एसोसिएशन के संरक्षक कृष्णा खत्री, सरोज खत्री, संजय बर्म्मन, अध्यक्ष प्रवीण तमेड़ा, सुनील सोनी, सुधीर सोनी, जितेंद्र सोनी, उज्जवल खत्री, विवेक सोनी, प्रदीप खत्री, नीलेश बर्म्मन, संजय खत्री, विवेक कुमार सोनी, सुमित बर्म्मन, प्रदीप सोनी, दिनेश कुमार सोनी, आनंद बर्म्मन, मयंक कुमार, मनीष कुमार, हर्षित खत्री और आयुष तमेड़ा सहित बड़ी संख्या में व्यवसायी मौजूद थे।


