मधुकम में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार, ₹2.71 लाख नकद बरामद
गणादेश,रांची: सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के मधुकम रूगड़ीगड़ा में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अवैध मादक पदार्थ कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 1.052 किलोग्राम गांजा और गांजा बिक्री से जुड़े ₹2 लाख 71 हजार नकद बरामद किए हैं। जबकि इस कारोबार का मुख्य सरगना मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, 1 जनवरी 2026 की रात करीब 10:46 बजे वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि मधुकम रूगड़ीगड़ा इलाके में नन्हकु लिण्डा द्वारा अपने घर में गांजा की अवैध खरीद–बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन में तथा पुलिस उपाधीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
छापामारी के दौरान पुलिस टीम ने नन्हकु लिण्डा के घर की घेराबंदी की। इसी बीच पुलिस को देखकर कुछ लोग पीछे बाउंड्रीवाल की ओर भागने लगे, जिनमें से दो को मौके पर पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नूतन लिण्डा उर्फ मिथुन (36 वर्ष), निवासी शास्त्री चौक, मधुकम रूगड़ीगड़ा और अमन जायसवाल (28 वर्ष), निवासी न्यू मधुकम रोड नंबर-5 के रूप में हुई है।
घर की तलाशी लेने पर कमरे से प्लास्टिक में रखा गांजा बरामद हुआ, जबकि पलंग के नीचे रखे बॉक्स से गांजा बिक्री की नकद राशि बरामद की गई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि इस अवैध कारोबार का मुख्य सरगना नन्हकु लिण्डा है, जो बाहर से गांजा लाकर उनसे पुड़िया बनवाकर इलाके में बिक्री करवाता था। पुलिस को देखकर वह अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
इस मामले में सुखदेवनगर थाना कांड संख्या 01/26, दिनांक 01.01.2026 के तहत धारा 20(b)(ii)(B)/22 एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।



