पूर्व जेएमएम नेता रविंद्र सिंह अपने समर्थकों के साथ आजसू में शामिल

रांची। जेएमएम के पूर्व केंद्रीय सदस्य और दुर्गा सोरेन सेना के केंद्रीय उपाध्यक्ष रविन्द्र कुमार सिंह अपने समर्थकों के साथ आजसू पार्टी में शामिल हो गए हैं। केंद्रीय कार्यालय में सुदेश कुमार महतो की मौजूदगी में उन्होंने आजसू पार्टी का दामन थामा।

इस मौके पर केंद्रीय अध्यक्ष ने कहा कि विकास के नए आयाम स्थापित करने की क्षमता और सपना रखने वाला राज्य आज दिशाहीन नेतृत्व के चलते विकास की पटरी से उतर गया है। आगे बढ़ने की बजाय हम पीछे हो गए हैं। राज्य को पटरी पर लाने के लिए ऐसे नेतृत्व की आवश्यकता है जो अपनी नहीं राज्य और राज्यवासियों की चिंता करे। यह वर्ष झारखंड के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। पार्टी में शामिल हुए रविन्द्र कुमार सिंह का स्वागत करते हुए सुदेश कुमार महतो ने कहा कि रविन्द्र जी के राजनीतिक और सामाजिक अनुभवों का लाभ पार्टी को मिलेगा। आजसू इन्हें जनता की सेवा करने के लिए एक सशक्त मंच देगी।

पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वाले रविन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि सुदेश कुमार महतो के विचारों, संकल्पों और कार्यशैली से प्रभावित होकर आजसू में शामिल हो रहा हूँ। आजसू ने राज्य के विकास के प्रति जो सोच और संकल्प दिखाया है उसको लेकर काम करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *