फेयरडील हुंडई के दो कर्मियों पर एफआइआर दर्ज, पोर्टल पर छेड़छाड़ कर की 30 लाख की हेराफेरी

रांची : राजधानी रांची के दीपा टोली स्थित फेयरडील हुंडई कंपनी के सेल्स मैनेजर की ओर से सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इसमें कंपनी के ही दो कर्मियों संतोष कुमार और कुमार सौरव पर 30 लाख की हेराफेरी और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया में छेड़छाड़ का आरोप लगाकर केस दर्ज कराया गया है। कंपनी के सेल्स मैनेजर निरंजन कुमार की ओर से दर्ज कराए गए एफआईआर में कहा गया है कि कंपनी को रांची डीटीओ की ओर से 29 नवंबर 2021 को एक नोटिस भेजा गया था। जिसमें सरकारी राजस्व की क्षति किए जाने का आरोप लगाया गया था और कहा था कि कंपनी द्वारा वाहनों का निबंधन शुल्क कम दिया जा रहा है। इस नोटिस के बाद कंपनी की ओर से आंतरिक जांच की गई। जिसमें पता चला कि दो ग्राहकों को जाली इनवाइस देकर गाड़ी के वास्तविक मूल्य में छेड़छाड़ की गई थी। जब यह कागजात कंपनी के पदाधिकारियों को दिखाया गया, तब कंपनी के मैनेजमेंट द्वारा एक अलग जांच कमेटी का गठन किया गया था।जांच में पाया गया कि वाहनों की रजिस्ट्रेशन संबंधित कार्यों की जिम्मेदारी संतोष कुमार और उसके सहयोगी कुमार सौरव को दिया गया था। इनसे पूछताछ में पता चला कि कंपनी के द्वारा निर्गत वास्तविक कागजातों में इनके द्वारा गलत नियत और हेराफेरी के लिए छेड़छाड़ की गई थी। इस जांच के दौरान यह भी पता चला कि इनके द्वारा कुल 32 वाहनों की रजिस्ट्रेशन संबंधित कागजातों में छेड़छाड़ कर सरकारी राजस्व का नुकसान कराया गया है। साथ ही कंपनी के शाख का भी नुकसान किया गया है। पुलिस ने इस मामले में छानबीन शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *