वित्तमंत्री रामेश्वर उरांव पहुंचे विधानसभा,2024-25 का पेश करेंगे बजट

रांची: झारखंड विधानसभा में आज यानी मंगलवार को वित्तीय 2024-25 के लिए बजट पेश किया जाएगा। वित्तमंत्री डॉक्टर रामेश्वर उरांव सदन में बजट पेश करेंगे।

विधानसभा पहुंचे वित्तमंत्री ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि यह बजट आम जनता के हितों को देखते हुए बनाया गया है। इसमें सभी वर्गों का ख्याल रखा गया है। उन्होंने कहा कि गांव का समुचित विकास करना हमारी सरकार की प्राथमिकता है।इस बजट पर चुनावी छाप नजर आ सकती है। नये टैक्स नहीं लगाये जायेंगे, वहीं चुनावी साल में लोकलुभावन वादों का पिटारा जनता के बीच चंपई सरकार खोल सकती है। राज्य सरकार एक लाख 30 हजार करोड़ से ज्यादा का बजट मंगलवार को सदन के पटल पर रखेगी।
जानकारी के मुताबिक सरकार का पूरा फोकस लोगों को आकर्षित करने पर होगा। आदिवासी, युवा और महिलाओं के लिए कुछ बड़ी घोषणाएं की जा सकती है। महिलाओं को हर महीने राशि देने पर भी विचार किया जा सकता है। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में चुनावी वादों ने भाजपा को जीत दिलाने में कारगर भूमिका अदा की है, लिहाजा झारखंड में भी महिलाओं को प्रति महीने राशि देने का ऐलान हो सकता है।
राज्य सरकार ने आठ लाख से ज्यादा लोगों को पक्का मकान देने के लिए अबुआ आवास योजना आरंभ किया है। इसके तहत स्वीकृति दी जा रही है। इस योजना को सरकार और विस्तारित करेगी। पिछले वर्ष सरकार ने बजट को हमीन कर बजट यानि हमारा बजट बताया है। इस बार भी बजट का थीम इसी के इर्द-गिर्द होगा। वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव सदन में पांचवीं बार बजट पेश करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *