रातू रोड न्यू मार्केट कॉम्प्लेक्स में नाली का पानी दुकानों में घुसा, लाखों का नुकसान
रांची: राजधानी रांची के रातू रोड मुख्य मार्ग स्थित न्यू मार्केट मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स के दुकानदार इन दिनों भारी परेशानी झेल रहे हैं। कॉम्प्लेक्स के सामने बनी नाली से गंदा पानी दुकानों के अंदर घुसने लगा है। इससे जहां दुकानदारों को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हो रहा है, वहीं व्यापार भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
दुकानदारों का कहना है कि गंदे पानी और बदबू के कारण ग्राहकों का आना-जाना कम हो गया है। वहीं स्वास्थ्य पर भी गंभीर खतरा मंडरा रहा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि स्थिति पर तुरंत ध्यान नहीं दिया गया तो यहां बीमारी फैलने की पूरी आशंका है।
आरआरडीए दुकानदार कल्याण महासंघ के अध्यक्ष आनंद कोठारी, वरीय उपाध्यक्ष प्रेम कुमार सिंह और महामंत्री मोहम्मद शमीमे संयुक्त रूप से रांची नगर निगम प्रबंधन से अविलंब कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि नाली की नियमित सफाई की जाए और संरचना में सुधार किया जाए ताकि भविष्य में दुकानों के अंदर पानी कभी प्रवेश न कर सके।
दुकानदारों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का समाधान जल्द नहीं हुआ तो उन्हें मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।



