सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ कार्यक्रम में जिलाधिकारी, सड़क पर स्वयं लगाई झाड़ू

भागलपुर। सरकार के निर्देशानुसार नगर निगम भागलपुर द्वारा 1 जुलाई से 31 जुलाई 2025 तक नगर निगम के विभिन्न इलाकों में सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ कार्यक्रम चलाया गया। इस कार्यक्रम के समापन के अवसर पर सैंडिस कंपाउंड में एक विशेष सफाई अभियान चलाया गया।

जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी इस कार्यक्रम में शामिल हुए तथा स्वयं सड़क पर झाड़ू लगाकर सफाई करते नजर आए। उनके साथ उप विकास आयुक्त श्री प्रदीप कुमार सिंह, नगर आयुक्त श्री शुभम कुमार, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क श्री नागेंद्र कुमार गुप्ता, उप नगर आयुक्त, नगर निगम के पार्षदगण तथा सफाई कर्मचारीगण भी इस अभियान में सम्मिलित हुए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छ वातावरण बनाए रखना स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होता है। जहां सफाई होती है, वहां बीमारियों को प्रवेश करने का अवसर नहीं मिलता। इसलिए भागलपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए आवश्यक है कि सभी नागरिक अपने घरों और आस-पास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखें और गंदगी न फैलने दें।

जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को कैफेटेरिया के सामने एक डाइनिंग स्पेस और चिल्ड्रन प्लेग्राउंड विकसित करने हेतु कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि लोग स्वच्छ वातावरण में बच्चों के साथ कुछ सुकूनभरे और मनोरंजन से भरे पल बिता सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *