राष्ट्रपति के संभावित दौरे को लेकर डीएम-एसएसपी ने किया विक्रमशिला का निरीक्षण
भागलपुर। भारतीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संभावित विक्रमशिला दौरे को लेकर प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। शनिवार की संध्या डीएम डॉ नवल किशोर चौधरी, एसएसपी हृदयकांत सहित जिले के सभी वरीय पदाधिकारी एवं एनटीपीसी के अधिकारियों ने विक्रमशिला महाविहार, एनटीपीसी गेस्ट हाउस, हवाई अड्डा सहित अन्य संभावित स्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया साथ ही कई निर्देश भी दिए।निरीक्षण के बाद डीएम डॉ चौधरी ने बताया कि राष्ट्रपति के 17 से 25 अगस्त के बीच भागलपुर आने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने आगे बताया कि कहलगांव एसडीओ अशोक कुमार मंडल को निर्देश दिया गया है कि विक्रमशिला में पूर्व की भांति रैंप का निर्माण कराया जाए। खुदाई स्थल के समीप दो टेंट लगाए जाएं और खुदाई स्थल के चारों ओर की बाउंड्री की स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक सुधार किए जाएं।डीएम ने विक्रमशिला गेस्ट हाउस का भी निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने एनटीपीसी हेलिपैड, गेस्ट हाउस और अन्य स्थलों का भी निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों के साथ मानसरोवर गेस्ट हाउस में बैठक की। बैठक में सभी अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपी गईं और समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।पत्रकारों द्वारा पूछे गए प्रश्न के उत्तर में डीएम ने कहा कि अब तक केंद्रीय विश्वविद्यालय से संबंधित कोई दिशा-निर्देश प्राप्त नहीं हुए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले दिनों में कहलगांव स्थित विक्रमशिला में कई बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं, जिनकी तैयारी प्रशासनिक स्तर पर की जा रही है।निरीक्षण के दौरान एनटीपीसी के परियोजना प्रमुख को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

