पुनामा और कदवा के 60 विस्थापित परिवारों को मिला ज़मीन का हक
भागलपुर। जिले के नवगछिया प्रखंड में आज़ एक बड़ी राहत की ख़बर सामने आई है। पुनामा और कदवा गांव के करीब 60 विस्थापित परिवारों को ज़मीन का पर्चा सौंपा गया है।
नवगछिया प्रखंड कार्यालय के सभागार में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के जदयू विधायक गोपाल मंडल और प्रखंड विकास पदाधिकारी गोपाल कृष्णन ने ज़रूरतमंद परिवारों को 2-2 डिसमिल भूमि का पर्चा सौंपा।
इस मौके पर विधायक गोपाल मंडल ने कहा कि राज्य सरकार वंचित और गरीब तबके के कल्याण के लिए पूरी तरह संकल्पित है। उन्होंने कहा कि विस्थापितों को ज़मीन देकर उन्हें एक सम्मानजनक जीवन की ओर बढ़ने का मौका दिया जा रहा है।
वहीं बीडीओ गोपाल कृष्णन ने बताया कि प्रशासन द्वारा पुनर्वास योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है, और ऐसे सभी ज़रूरतमंद परिवारों की पहचान कर उन्हें इसका लाभ दिया जाएगा।
भूमि का पर्चा मिलने पर ग्रामीणों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कई परिवारों ने सरकार और प्रशासन के प्रति आभार जताया और कहा कि अब उन्हें स्थायी ठिकाना मिल गया है और वे आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा सकेंगे।
इस कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे।



