जिला बस ऑनर्स एसोसिएशन ने की बैठक,नए मोटर वाहन अधिनियम परजताई आपत्ति

खूंटी : खुंटी जिला बस ऑनर्स एसोसिएशन की एक आपात बैठक शनिवार को खुंटी मुख्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल और उपाध्यक्ष अरुण कुमार साबू ने की। इसमें जिलेभर के बस मालिक, ड्राइवर, परिचालक और परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।
बैठक में केंद्र सरकार द्वारा जारी मोटर वाहन अधिनियम की अधिसूचना GSR 723 (E) – MORTH पर विस्तार से चर्चा हुई। सदस्यों ने सर्वसम्मति से इसे जनविरोधी और परिवहन व्यवसाय के लिए हानिकारक बताया। उपाध्यक्ष अरुण कुमार साबू ने कहा कि नए प्रावधान इतने कठोर हैं कि भविष्य में योग्य ड्राइवरों की भारी कमी हो जाएगी। छोटी तकनीकी गलतियों पर भी वाहन मालिकों को कोर्ट-कचहरी के चक्कर लगाने पड़ेंगे, जिससे आम जनता और न्यायालय दोनों प्रभावित होंगे।
अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल ने कहा कि पहले से ही महँगाई, डीज़ल मूल्य और करों से जूझ रहा परिवहन व्यवसाय अब और संकट में आ जाएगा। उन्होंने सरकार से अधिसूचना को वापस लेकर व्यवहारिक और हितकारी नीति बनाने की माँग की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि एसोसिएशन जल्द ही राज्य और केंद्र सरकार को ज्ञापन सौंपेगी। यदि उचित कदम नहीं उठाए गए तो खुंटी में चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी शुरुआत एक दिन के सांकेतिक बंद से होगी।
बैठक में बिपिन भगत, टोपनो जी, गौरव भगत, छोटू जी, सतीश जी, गौरी जी, ओहदार जी और जयदीप जी सहित कई बस मालिक व ड्राइवर प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *