सीएम हेमंत सोरेन के सामने हुआ झारखंड सरकार तथा अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के बीच एमओयू

रांचीः झारखंड की राजधानी रांची में अजीम प्रेमजी विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए शनिवार को कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की उपस्थिति में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, झारखंड सरकार तथा अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के बीच एमओयू हस्ताक्षर हुआ। इस अवसर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के अध्यक्ष-सह- आईटी कंपनी विप्रो के संस्थापक अजीम प्रेमजी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज झारखंड के लिए ऐतिहासिक दिन है। आज राज्य सरकार एवं अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के आपसी समन्वय और सहयोग से शिक्षा के क्षेत्र में नयी शुरुआत हो रही है। मुझे पूरा विश्वास है कि झारखंड में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन जैसे अनुभवी संस्था द्वारा विश्वविद्यालय की स्थापना होने से न सिर्फ राज्य में उच्च शिक्षा का स्तर उठेगा बल्कि राज्य के प्रतिभावान छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों में पलायन नहीं करना पड़ेगा। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि अजीम प्रेमजी विश्वविद्यालय की स्थापना राज्य के अध्ययनरत छात्र-छात्राओं सहित झारखंड के सर्वांगीण विकास में मील का पत्थर साबित होगा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री अजीम प्रेमजी को धन्यवाद देते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के अध्यक्ष अजीम प्रेमजी से कहा कि आप एक जाने-माने उद्योगपति के साथ-साथ मन के अंदर समाज के उत्थान के लिए सेवा भाव रखते हैं। आपका अनुभव और सहयोग झारखंड जैसे राज्य के लिए बेहतर परिणाम लेकर आएंगे। आपके सकारात्मक सोच और बेहतर मार्गदर्शन से रांची के इटकी में अजीम प्रेमजी विश्वविद्यालय की स्थापना हो रही है। आपके अनुभव का लाभ राज्य वासियों को प्राप्त हो इस निमित्त हम सभी लोग मिलकर प्रयास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अजीम प्रेमजी फाउंडेशन नयी पीढ़ी के बहुत बड़े समूह को अपने साथ जोड़ने का काम किया है। राज्य सरकार का प्रयास है कि विश्वविद्यालय की स्थापना हेतु आगे का कार्य तेज गति से पूरे किए जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *