डिजिटल हुआ श्रावणी मेला: एप के जरिए जानें रूट, पार्किंग और स्वास्थ्य सेवाएं
भागलपुर। श्रावणी मेले में सुल्तानगंज कैसे पहुंचें, वहां किन-किन सुविधाओं की व्यवस्था है, टेंट सिटी कहां स्थित है, रूट चार्ट क्या है, मेले में एंबुलेंस की सुविधा कहां उपलब्ध है, शुद्ध पेयजल कहां मिलेगा—इन सभी जानकारियों की सुविधा अब एक क्लिक पर स्मार्टफोन में मिल सकेगी।
जिला प्रशासन ने श्रावणी मेला 2025 को और अधिक सुविधाजनक और तकनीकी रूप से समृद्ध बनाने की दिशा में एक नया कदम उठाया है। इस बार मेले से जुड़ी सभी गतिविधियों की जानकारी एक मोबाइल एप के माध्यम से श्रद्धालुओं को दी जाएगी। इसके लिए एक मोबाइल ऐप तैयार किया जा रहा है।
‘श्रावणी मेला 2025’ नामक इस मोबाइल एप को 11 जुलाई को मेले के उद्घाटन के अवसर पर आधिकारिक रूप से लॉन्च किया जाएगा। इसे गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकेगा। साथ ही, इसका एक क्यूआर कोड भी जिला प्रशासन द्वारा मेला क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर लगाया जाएगा, जिसे स्कैन कर सीधे एप तक पहुंचा जा सकता है।
इस एप में मेले से जुड़ी सभी जानकारियां एक क्लिक पर उपलब्ध होंगी। यह एप हिंदी और अंग्रेज़ी दोनों भाषाओं में उपलब्ध होगा, जिससे स्थानीय और बाहरी श्रद्धालुओं—दोनों को लाभ मिलेगा।
यूजर्स स्वयं ऐप पर पंजीकरण कर सकेंगे। एप से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि पिछले वर्ष की अपेक्षा इस बार एप में अधिक फीचर्स जोड़े गए हैं। इस बार यह ऐप न केवल श्रद्धालुओं के लिए बल्कि मेले में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के लिए भी उपयोगी होगा।
एप के माध्यम से श्रद्धालु लाइव आरती, भीड़ की स्थिति, वर्चुअल पूजा, मेला रूट मैप, फोटो गैलरी, संपर्क नंबर, एंबुलेंस, पुलिस स्टेशन, कंट्रोल रूम, पेयजल, शौचालय, स्नानघर, विश्राम कक्ष, धर्मशाला, पार्किंग स्थल, स्वास्थ्य केंद्र और शिविरों की पूरी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
साथ ही, मेला क्षेत्र में कैसे पहुंचा जाए, कौन-से मार्ग और साधन उपलब्ध हैं, इसकी विस्तृत जानकारी भी ऐप में दी गई है। इसके अतिरिक्त, ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों के लिए ड्यूटी रोस्टर चार्ट भी एप में उपलब्ध होगा।



