प्रखंड परिसर में आयोजित कार्यशाला का उप प्रमुख अरुण साबू ने किया उद्घाटन

खूंटी: मुरहू प्रखंड परिसर सभागार में श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता कार्यक्रम के तहत एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन उप प्रमुख अरुण साबू ने किया।
कार्यक्रम में तोरपा एवं अड़की के प्रभारी श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने मजदूरों एवं ग्रामीणों को श्रम कार्ड के तहत निबंधन कराने के लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि श्रम विभाग द्वारा मजदूरों को तीन श्रेणियों में रखा गया है — संगठित मजदूर, असंगठित मजदूर एवं प्रवासी मजदूर — और सभी के लिए अलग-अलग योजनाओं का प्रावधान है।
उप प्रमुख अरुण साबू ने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि सरकार की इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए सबसे पहले प्रखंड स्थित श्रम विभाग कार्यालय में अपना निबंधन अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पंचायत स्तर पर जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों का निबंधन सुनिश्चित किया जाए।
निबंधन की जानकारी साझा करते हुए उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर पर ठेकेदारों को भी इस योजना से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि श्रमिकों को योजनाओं का समुचित लाभ मिल सके।
कार्यक्रम के अंत में उप प्रमुख अरुण साबू ने श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि निबंधन कार्य को पारदर्शिता एवं तत्परता के साथ संचालित किया जाए तथा मार्च माह तक अधिकतम श्रमिकों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को इस योजना का पूरा लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *